ऑपरेशन चक्र से वाहन चोरों पर वार, दो गिरफ्तार, 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचे दो शातिर ऑटो लिफ्टर

0
3

नई दिल्ली: शाहदरा जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जगतपुरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन चक्र के अंतर्गत पुलिस ने दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से जगतपुरी, दयालपुर, फर्श बाजार और कृष्णा नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है।

मोटरसाइकिल चोरी के बाद शुरू हुई जांच

शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक, 23 सितंबर को जगतपुरी इलाके में एक घर के सामने खड़ी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस मामले में 25 सितंबर को ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों और संभावित भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की 100 से अधिक फुटेज खंगालीं।

गुप्त सूचना पर दोनों आरोपी गिरफ्तार

जांच के बीच पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध चोरी की मोटरसाइकिल के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने मास्टर प्लान रोड और ड्रेन रोड, जगतपुरी पर जाल बिछाकर सचिन कुमार (19) और सुमित (19) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी खजूरी खास, दिल्ली के निवासी बताए गए हैं।

चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। बरामद वाहनों में एक टीवीएस अपाचे और तीन हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि इन बरामदगी से चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा सचिन

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सचिन कुमार पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इस कार्रवाई में जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रवि, कांस्टेबल अंकुर मान, कांस्टेबल यतेंद्र और कांस्टेबल बनवारी लाल सिहाग की भूमिका रही। टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की। एसीपी विवेक विहार पवन कुमार की निगरानी और डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के पर्यवेक्षण में अभियान को अंजाम दिया गया।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here