वृंदावन: दीपावली की रात आतिशबाजी के दौरान लापरवाही दो परिवारों पर भारी पड़ गई। अलग-अलग स्थानों पर जलते पटाखे फ्लैटों में जा गिरने से दो बहुमंजिला इमारतों में आग लग गई। रमणरेती क्षेत्र के योगमाया धाम अपार्टमेंट में जलते पटाखे से हुए धमाके ने फ्लैट की खिड़कियां और दरवाजे उड़ा दिए। दीवार तक चटक गईं और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। वहीं, रुक्मणि विहार की कान्हा माखन कॉलोनी में भी एक फ्लैट आग की चपेट में आ गया। दोनों घटनाओं में लाखों रुपये का नुकसान हुआ, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
योगमाया धाम में पटाखे से भीषण धमाका और आग
पहली घटना रमणरेती क्षेत्र में फोगला आश्रम के पीछे स्थित योगमाया धाम अपार्टमेंट की है। यहां पहली मंजिल पर फ्लैट संख्या 102 में देर रात अचानक आग लग गई। यह फ्लैट आहूजा नाम के व्यक्ति का बताया गया है, जिन्होंने इसे एक स्थानीय रेस्टोरेंट में काम करने वाले पंजाब के चार युवकों को किराये पर दे रखा था। दीपावली पर सभी युवक अपने घर गए हुए थे, जिसके चलते फ्लैट बंद था। इसी दौरान बाहर हो रही आतिशबाजी का एक जलता हुआ पटाखा फ्लैट के अंदर जा गिरा। पटाखे से कमरे में रखे गद्दे ने आग पकड़ ली। इसके बाद तेज धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कमरे की दीवार चटक गई और खिड़की-दरवाजे टूटकर सड़क पर जा गिरे। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और फ्लैट में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
दमकल टीम ने एक घंटे में आग पर काबू पाया
अपार्टमेंट में आग और धमाके की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मी श्याम सिंह ने बताया कि फ्लैट में रहने वाले पंजाब निवासी वरुण गिरधर के कमरे में आतिशबाजी का पटाखा घुस गया था। इससे गद्दे में आग लगी और देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
रुक्मणि विहार में भी फ्लैट में आग, बड़ा हादसा टला
दूसरी घटना रुक्मणि विहार स्थित कान्हा माखन कॉलोनी की है। यहां एक बहुमंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से पहले ही काबू कर लिया। इससे आसपास के फ्लैटों में आग पहुंचने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया। दीपावली की रात हुई इन घटनाओं ने बहुमंजिला इमारतों में आतिशबाजी से होने वाले खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया।











