माया गैंग के सदस्य समेत दो शातिर दबोचे, 11 वारदातों का खुलासा

0
8

नई दिल्ली: दिल्ली की सड़कों पर वारदातों को अंजाम देने वाले कथित अपराधियों पर दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक कथित तौर पर कुख्यात माया गैंग का सदस्य है जो मकोका के एक मामले में भी वांछित बताया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से जुड़े मामलों की जांच में चोरी, झपटमारी और सेंधमारी की 11 वारदातों का खुलासा हुआ है।

गश्त के दौरान बाइक सवार संदिग्धों को दबोचा  

साउथ ईस्ट जिला डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि 25 अक्टूबर की रात कालिंदी कुंज थाने के सिपाही अजहरुद्दीन और देवेंद्र मदनपुर खादर स्थित पीपल चौक पुस्ता रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। भागने की कोशिश में बाइक फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। सतर्क पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही उन्हें दबोच लिया।

बटनदार चाकू, मोबाइल फोन और चोरी की बाइक बरामद 

तलाशी के दौरान सुमित बेनीवाल के पास से बटन दबाकर खुलने वाला अवैध चाकू मिला। मोहम्मद उमर अंसारी से बरामद रियलमी मोबाइल फोन अमर कॉलोनी थाने में दर्ज झपटमारी के मामले से जुड़ा मिला। सुमित के पास से नथिंग मोबाइल फोन और आरोपियों के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद हुई। जांच में बाइक न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र से चोरी की मिली।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड और कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम  

पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय उमर अंसारी अमर कॉलोनी थाने का घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, 23 वर्षीय सुमित बेनीवाल के खिलाफ चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट समेत 18 मामले दर्ज बताए गए हैं। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में सिपाही अजहरुद्दीन और सिपाही देवेंद्र। अभियान की निगरानी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन कुमार सिंह, एटीओ इंस्पेक्टर किशोर कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त अनिल शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here