7000mAh बैटरी और दमदार मजबूती के साथ Lava Smart 4 Pro की भारत में एंट्री

0
5

नई दिल्ली: भारतीय स्मार्टफोन कंपनी Lava ने एक बार फिर बजट सेगमेंट में बड़ा दांव खेला है। कंपनी ने अपना नया फोन Lava Smart 4 Pro बाजार में उतार दिया है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार बैटरी और मजबूत बॉडी है। कंपनी का दावा है कि यह फोन रोजमर्रा के इस्तेमाल में आसानी से गिरने-टूटने से बचा रहेगा।

बता दें, Lava Smart 4 Pro में 7000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, एक बार फुल चार्ज करने पर यह फोन कई दिनों तक साथ निभा सकता है। स्टैंडबाय पर कंपनी ने 950 घंटे तक के बैकअप का दावा किया है। फोन को चार्ज करने के लिए इसमें 18W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है और साथ में USB Type-C पोर्ट मिलता है। जिन लोगों को बार-बार फोन चार्ज करने की झंझट से बचना है, उनके लिए यह फोन अच्छा ऑप्शन बन सकता है।

डिस्प्ले और डिजाइन

फोन में 6.75 इंच का बड़ा HD+ डिस्प्ले दिया गया है। इसमें वॉटरड्रॉप नॉच डिजाइन मिलता है, जो बजट फोन में आम तौर पर देखा जाता है। स्क्रॉलिंग को स्मूद बनाने के लिए इसमें 90Hz रिफ्रेश रेट दिया गया है। फोन दो कलर में आएगा – नीलम ब्लू और कोनार्क गोल्ड। दोनों ही कलर देखने में काफी प्रीमियम लगते हैं।

इस फोन को MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन मिला है, जिसे मिलिट्री ग्रेड ड्यूरेबिलिटी कहा जाता है। इसका मतलब है कि फोन को कई तरह के झटकों और गिरने के टेस्ट से गुजारा गया है। ऐसे में अगर फोन हाथ से छूटकर गिर भी जाता है, तो इसके जल्दी खराब होने की संभावना कम रहती है।

परफॉर्मेंस और कैमरा

परफॉर्मेंस के लिए फोन में ऑक्टा-कोर Unisoc T610 चिपसेट लगाया गया है। इसमें 4GB रैम मिलती है, जिसे वर्चुअल रैम की मदद से 8GB तक बढ़ाया जा सकता है। स्टोरेज के लिए 64GB इंटरनल मेमोरी दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड से और बढ़ाया जा सकेगा। कैमरे की बात करें तो पीछे की तरफ 13 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है। इसमें पोर्ट्रेट, नाइट, AI, प्रो मोड, पैनोरमा और स्लो-मोशन जैसे फीचर्स मिलते हैं। सेल्फी के लिए भी फ्रंट में फ्लैश लाइट दी गई है, जिससे कम रोशनी में भी अच्छी सेल्फी ली जा सकेगी।

सॉफ्टवेयर और कीमत

फोन Android 16 पर चलता है, जो लगभग स्टॉक अनुभव देगा। कंपनी ने कहा है कि इसमें फालतू के थर्ड पार्टी ऐप्स नहीं होंगे। साथ ही दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट भी मिलेंगे। Lava Smart 4 Pro को सिर्फ एक ही वेरिएंट में लॉन्च किया गया है, जिसकी कीमत 10,999 रुपये रखी गई है। यह फोन देशभर के ऑथराइज्ड ऑफलाइन स्टोर्स पर खरीदा जा सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here