नई दिल्ली: पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक ने दिल्ली दौरा खत्म कर इस्लामाबाद पहुंचने के बाद कहा है कि भारत में उनकी शानदार खातिरदारी की गई। जबकि पहले उन्होंने जियो-न्यूज पर हामिद मीर को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें नहीं पता था कि भारत में पाकिस्तान से इस कदर नफरत की जाती है। अब मुसादिक मलिक ने एक नए इंटरव्यू में भारत की तारीफ की है।
मुसादिक मलिक ने इससे पहले जियो न्यूज के पत्रकार हामिद मीर से अपने भारत दौरे को लेकर बात की थी। इसमें हामिद मीर ने उनसे पूछा था कि क्या आपको अंदाजा था कि भारत में पाकिस्तान से इतनी ज्यादा नफरत की जाती है। इस पर मुसादिक मलिक ने कहा था कि नहीं, मुझे ये अंदाजा नहीं था कि भारत में पाकिस्तान से इस कदर नफरत की जाती है। लेकिन अब मुसादिक मलिक भारत की तारीफ करते नजर आए हैं।
उर्दू न्यूज को दिए इंटरव्यू में बदले सुर
मुसादिक मलिक ने पाकिस्तान के उर्दू न्यूज को दिए एक नए इंटरव्यू में अपनी भारत यात्रा को लेकर बात की है। इस बार उन्होंने कहा कि ऑन कैमरा जिस तरह की सख्त बातें हो रही थीं, उनकी जब मैं तुलना करता हूं ऑफ कैमरा बात से, जिन लोगों से मेरी मुलाकातें हो रही थीं तो वो बातचीत काफी दिलचस्प हो रही थी। उन्होंने आगे कहा कि जहां अमीर खुसरो, मिर्जा गालिब और निजामुद्दीन औलिया की महफिलें हों, वहां क्या आप अंग्रेजी या फ्रेंच में बात करेंगे। वहां पर तो बातचीत उर्दू में, अपनी जुबान में होनी चाहिए। मुसादिक मलिक ने आगे कहा कि भारत में बहुत से लोगों से बातें हुईं, जिनमें से कुछ लोगों ने किताबें लिख रखी थीं। कुछ किताबें मैं अपने साथ लेकर आया हूं, जो उन्होंने मुझे तोहफे में दीं। कहने का मतलब ये है कि उन्होंने बहुत अच्छी मेजबानी की।
द्विपक्षीय बातचीत पर क्या बोले
वहीं भारत के साथ द्विपक्षीय बातचीत को लेकर मुसादिक मलिक ने कहा कि हमें जो न्योता मिला था, वो एससीओ के हवाले से था। तो हमने भी सिर्फ एससीओ के हवाले से बातचीत की और उन्होंने भी एससीओ के हवाले से क्षेत्रीय बातचीत की, लेकिन बहुत भले तरीके से बातचीत की। हमारी बहुत अच्छी बातचीत रही। वहीं उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति सामान्य होने को लेकर कहा कि अगर तीन चीजों पर सहमति बन जाए तो स्थिति सामान्य हो सकती है। पहला, संप्रभुता पहले स्थान पर है। दूसरा, सम्मान दूसरे नंबर पर है। तीसरा, अखंडता तीसरे नंबर पर है। अगर इन तीन चीजों को टेबल पर रखते हुए आप बातचीत शुरू करें तो हर स्थिति पर बातचीत हो सकती है।












