बिहार में 21 साल के नाती ने ली बुजुर्ग नानी की जान, सोती हुई चाकू से किया 24 बार हमला

0
6

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में एक ऐसी वारदात हुई है, जिसने रिश्तों पर से लोगों का भरोसा हिला दिया है। रविवार की रात एक 21 साल के युवक ने अपनी ही 85 साल की नानी को चाकू से 24 बार गोदकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों एक ही कमरे में सो रहे थे। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। यह मामला बनरहां गांव का है। मृतका की पहचान कोईलासी खातून के रूप में हुई है। आरोप उनके नाती साहेब हुसैन पर है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक साहेब हुसैन भोरे थाना क्षेत्र के ईमिलिया गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम अनवर मियां है। वह बचपन से ही अपने मामा के घर बनरहां गांव में रहता आया था। कुछ दिनों से वह अपने गांव में था, लेकिन इसी बीच उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद वह शुक्रवार को फिर मामा के घर लौट आया।

रात दो बजे अचानक किया हमला

रविवार की रात खाना खाने के बाद साहेब अपनी नानी और ममेरे भाई के साथ एक ही कमरे में सो गया। रात करीब दो बजे वह अचानक उठा और चाकू से नानी के सिर पर लगातार वार करने लगा। उसने दो दर्जन से ज्यादा बार हमला किया। चोट इतनी गंभीर थी कि बुजुर्ग महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कमरे में मौजूद ममेरा भाई यह मंजर देखकर घबरा गया। वह शोर मचाते हुए बाहर भागा और आसपास के लोगों को जगाया। आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े चले आए, लेकिन तब तक नानी की जान जा चुकी थी। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू में कर लिया।

वजह अब भी साफ नहीं

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। सोमवार को एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पहुंची और जांच कर सबूत जुटाए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू और कुछ अन्य सामान भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ चल रही है। लेकिन युवक ने अपनी बुजुर्ग नानी की जान क्यों ली, इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here