नई दिल्ली: अल्बानिया की राजधानी तिराना में शनिवार को सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रधानमंत्री एडी रामा के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों लोग सड़कों पर उतरे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में पत्रकारों और पुलिसकर्मियों समेत 30 लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।
रैली शांतिपूर्ण शुरू हुई, लेकिन बाद में नकाब पहने कुछ प्रदर्शनकारी भीड़ से अलग हो गए। उन्होंने मंत्रालयों की इमारतों के शीशे तोड़े और पुलिस पर पत्थर व मोलोटोव कॉकटेल यानी पेट्रोल बम फेंके। कुछ लोगों ने डंडों से सड़क पर लगे कैमरों और सरकारी दफ्तरों की खिड़कियों को नुकसान पहुंचाया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और पानी की बौछारें कीं। इससे राजधानी की कई सड़कों पर तनाव और बढ़ गया।
आजादी की वर्षगांठ पर प्रदर्शन
यह रैली अल्बानिया की आजादी की घोषणा की 114वीं वर्षगांठ पर हुई। देश के कई हिस्सों और विदेशों से लोग प्रदर्शन में शामिल होने तिराना पहुंचे। ब्रिटेन से आए एरियन ल्लेशी ने कहा कि लोग लंबे समय से मुश्किलें झेल रहे हैं और बड़ी संख्या में देश छोड़ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 1990 के दशक में साम्यवाद के पतन के बाद से राजनीतिक दल आम लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे। उन्होंने नई पीढ़ी को देश के भविष्य में भूमिका देने की मांग की।
मई से जारी है विरोध आंदोलन
प्रदर्शनों की शुरुआत मई के आखिर में दक्षिणी तट पर प्रस्तावित लग्जरी पर्यटन परियोजना के विरोध से हुई थी। यह प्रोजेक्ट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर की निवेश कंपनी से जुड़ा है। ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ के बाद सितंबर में छात्रों ने बेहतर शिक्षा और जीवन स्तर की मांग को लेकर प्रदर्शन किए। अब आंदोलन में रामा के इस्तीफे की मांग भी शामिल है।
प्रदर्शनकारियों ने मांगा बदलाव
तिराना के स्कैंडरबेग स्क्वायर में लोगों ने ‘इस्तीफा दो’ के नारे लगाए। छात्रा जूना वासिली ने कहा कि लोग अपने अधिकारों और व्यवस्था में बदलाव चाहते हैं। सेवानिवृत्त सुजाना गजेटा ने कहा कि वह उन लोगों के लिए प्रदर्शन कर रही हैं, जो हर महीने केवल 120 यूरो में गुजारा करते हैं। उन्होंने रामा की सरकार जाने और भ्रष्टाचार खत्म होने की उम्मीद जताई।












