इजरायल में सत्ता की जंग तेज, नेतन्याहू को आइसेनकोट ने गठबंधन वार्ता के लिए दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

0
2

नई दिल्ली: इजरायल में नई सरकार को लेकर जारी खींचतान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। विपक्षी नेता गादी आइसेनकोट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गठबंधन वार्ता पर आगे बढ़ने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। यह घटनाक्रम नेतन्याहू के उस प्रस्ताव के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने के लिए पहले प्रधानमंत्री पद आइसेनकोट को देने की पेशकश की थी।

इजरायल में सरकार गठन को लेकर बातचीत तेज हो गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, नेतन्याहू रोटेशन व्यवस्था के तहत सरकार चलाने को तैयार हैं। इस फॉर्मूले में आइसेनकोट पहले प्रधानमंत्री बनेंगे और तय अवधि के बाद नेतन्याहू सत्ता संभालेंगे। नेतन्याहू ने शनिवार देर शाम इस प्रस्ताव की औपचारिक घोषणा की। वहीं, आइसेनकोट ने आठ दिनों के भीतर नई सरकार बनाने का भरोसा जताया है। संवैधानिक समयसीमा के अनुसार, छह दिसंबर तक सरकार का गठन होना है।

सत्ता में वापसी चाहते हैं नेतन्याहू

इजरायली न्यूज चैनल 13 की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू किसी भी हाल में सत्ता से पूरी तरह बाहर नहीं रहना चाहते। इसलिए उन्होंने पहले प्रधानमंत्री बनने की अपनी दावेदारी पीछे रखते हुए आइसेनकोट को शुरुआत में यह जिम्मेदारी देने पर सहमति जताई है। आइसेनकोट के सामने दक्षिणपंथी गठबंधन या अरब पार्टियों के समर्थन से सरकार बनाने के विकल्प भी हैं। हालांकि, अरब दलों के साथ सरकार बनाने को लेकर उनकी झिझक बनी हुई है।

लिकुड पार्टी पर आइसेनकोट के आरोप

आईएएनएस के मुताबिक, आइसेनकोट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पिछले दो हफ्तों में उन्होंने लिकुड पार्टी के नेताओं के साथ पांच बैठकें कीं, लेकिन उनकी ओर से समझौते का कोई ठोस मसौदा नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि पार्टी ने 7 अक्टूबर 2023 की घटनाओं की जांच के लिए आयोग बनाने और अति-दक्षिणपंथी दलों को सरकार से बाहर रखने जैसे मुद्दों पर भी स्पष्ट रुख नहीं दिखाया।

आइसेनकोट ने आरोप लगाया कि लिकुड पार्टी बातचीत लंबी खींचकर विपक्ष की एकता कमजोर करना चाहती है। दूसरी ओर, लिकुड पार्टी ने उन पर दोहरा राजनीतिक खेल खेलने का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि आइसेनकोट अरब पार्टियों को सरकार में शामिल करने का रास्ता तैयार कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here