नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास को निशाना बना लिया। फिरोजशाह रोड स्थित सांसद के सरकारी आवास में सेंधमारी की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
परिवार की अनुपस्थिति में घर में घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक घटना के समय सांसद का परिवार शहर में मौजूद नहीं था। इसी दौरान कुछ लोग कथित तौर पर घर में दाखिल हुए और वहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वारदात की सूचना सामने आते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस की नजर उन तमाम सुरागों पर है, जिनके जरिए घर में घुसने वाले आरोपियों तक पहुंचा जा सके। चोरी के सामान की पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं, परिवार शाम को लौटेगा
फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि सांसद का परिवार देर शाम दिल्ली लौटेगा। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज होने और घर की पूरी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर कितने सामान की चोरी हुई है और उसकी कीमत कितनी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है। हाई-सिक्योरिटी इलाके में सांसद के सरकारी आवास में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब परिवार के लौटने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही चोरी की पूरी कहानी सामने आने की उम्मीद है।











