नई दिल्ली: नई दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस की एक अलग तस्वीर देखने को मिली। हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों के लिए चाय, समोसे और पानी की बोतलों का इंतजाम किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए कह रहे हैं- “एक चाय, 2 समोसा, दिल्ली पुलिस पर पूरा भरोसा।”
बवाना स्टेडियम में किए गए खास इंतजाम
जानकारी के मुताबिक, बवाना स्टेडियम में सभी इंतजामों की कमान ACP बवाना गौरव ने संभाली। हिरासत में लिए गए लोगों के लिए अनलिमिटेड चाय, समोसा और पानी की व्यवस्था की गई। इतना ही नहीं, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को घर लौटने में भी मदद की। महिला प्रदर्शनकारियों और उनके साथियों को रिठाला मेट्रो स्टेशन तक छोड़ने की सुविधा दी गई, जबकि पुरुष प्रदर्शनकारियों के लिए DTC बसों का इंतजाम किया गया ताकि उन्हें घर जाने में परेशानी न हो।
महिलाओं को घर तक छोड़ रही दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस की ओर से इस मामले में बयान भी जारी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि हिरासत में ली जा रही महिला प्रदर्शनकारियों को लेकर सीनियर अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उन्हें सुरक्षित उनके घर तक ड्रॉप किया जाए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी महिलाओं को घर छोड़ते दिख रहे हैं।
CJP संयोजक ने सरकार पर लगाए आरोप
दूसरी तरफ, इस प्रदर्शन को लेकर सियासत भी तेज है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि मोदी सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए नागरिकों के खिलाफ जंग लड़ रही है। दिपके ने लिखा, “युवाओं पर हमले हो रहे हैं, पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं, यहां तक कि दिल्ली पुलिस सांसदों पर भी हमले कर रही है। ज्ञानेश कुमार मोदी के लिए इतने जरूरी क्यों हैं?”
बता दें कि शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन से पहले दिपके को CJP नेताओं आशुतोष रंका और सौरव दास के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर एहतियातन हिरासत में लिया गया था। बाद में रविवार को उन्हें इस शर्त पर रिहा किया गया कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे। फिलहाल चाय-समोसे वाला यह वीडियो और प्रदर्शनकारियों के नारे दिल्ली के इस प्रदर्शन की सबसे ज्यादा चर्चा वाली तस्वीर बन गए हैं।











