सेक्टर-63 में सेंट्रल नोएडा पुलिस की पहल, महिला सुरक्षा डीसीपी सुनीति ने किया उद्घाटन, जिले में 31वां बूथ शुरू

0
11

नोएडा: औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सेंट्रल नोएडा पुलिस ने एक और अहम कदम उठाया है। मंगलवार को सेक्टर-63 के सी-ब्लॉक स्थित पुलिस चौकी में नए पिंक बूथ का शुभारंभ किया गया। डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति ने इसका उद्घाटन किया। यह जिले का 31वां पिंक बूथ है, जहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि महिलाएं बेझिझक अपनी समस्याएं बता सकें और उन्हें समय पर सहायता मिल सके।

छेड़छाड़ से उत्पीड़न तक, हर शिकायत पर मिलेगी मदद

पिंक बूथ को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। यहां महिलाएं छेड़छाड़, उत्पीड़न और सुरक्षा से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगी। खास बात यह है कि बूथ पर महिलाओं के बच्चों को स्तनपान कराने और आराम करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे महिलाओं को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए दूर थाने तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

डेढ़ हजार से ज्यादा कंपनियां, लाखों लोगों की आवाजाही

सेक्टर-63 एक बड़ा औद्योगिक केंद्र है, जहां 1,500 से अधिक कंपनियां और फैक्टरियां संचालित हैं। यहां प्रतिदिन करीब दो से सवा दो लाख लोगों की आवाजाही होती है। इनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है, जो रोजाना काम के सिलसिले में आती-जाती हैं। ऐसे में पिंक बूथ उनके लिए सुरक्षा और शिकायत निस्तारण का नजदीकी केंद्र बनेगा।

तीन साल में तैयार हुए 30 पिंक बूथ

डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति के मुताबिक पिछले तीन वर्षों में जिले में अलग-अलग स्थानों पर 30 पिंक बूथ स्थापित किए गए हैं। महिलाओं की अधिक भागीदारी वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। आने वाले महीनों में कुछ और बूथ खोलने की योजना है। उद्घाटन के दौरान एसीपी दीक्षा सिंह, सेक्टर-63 थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here