मथुरा: अधिक मास मेले की भारी भीड़ का फायदा उठाकर नकली नोट खपाने की साजिश का गोवर्धन पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने परिक्रमा मार्ग स्थित बिछुआ कुंड के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 500-500 रुपये के पांच नकली नोट बरामद हुए। आरोपी मेले में दुकानदारों और ठेला संचालकों को चकमा देकर जाली नोट चलाने की फिराक में था।
पकड़ा गया आरोपी सौरभ अलीगढ़ जनपद के थाना इगलास क्षेत्र के गांव नगला हीरा का निवासी है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने 5000 रुपये के नकली नोट मात्र 2500 रुपये में खरीदे थे। इनमें से कुछ नोट वह अधिक मास मेले के दौरान ठेला संचालकों को चला चुका था, जबकि शेष नोटों को खपाने के लिए दोबारा गोवर्धन आया था।
पूछताछ में खुला जाली नोट गिरोह का राज
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इगलास क्षेत्र के निवासी योगेश ने उसे नकली नोट उपलब्ध कराए थे। योगेश उसे भरतपुर गांव निवासी अजीत के घर ले गया था, जहां असली और नकली नोटों का सौदा किया जाता था। सौरभ के अनुसार, अजीत को नकली नोट उसके साले मुकेश के माध्यम से मिलते थे। गिरोह के सदस्य कम कीमत पर नकली नोट खरीदकर भीड़भाड़ वाले आयोजनों और मेलों में उन्हें खपाने का काम करते थे।
सप्लाई चेन की तलाश में जुटी पुलिस
सौरभ की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है। जांच का केंद्र यह है कि नकली नोटों की छपाई स्थानीय स्तर पर हो रही थी या फिर किसी बड़े गिरोह से इनकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
नकली के साथ असली रकम भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2500 रुपये के नकली नोटों के अलावा 5610 रुपये की असली नकदी भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
















