
नई दिल्ली: ब्रिटिश शाही परिवार के प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडकटन इन दिनों भारत दौरे पर हैं। दोनों मुंबई में आयोजित छठे एनुअल अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स में शामिल हुए, जहां वे दुनिया भर के युवा पर्यावरण इनोवेटर्स से मिले। लेकिन इस खास शाम में पर्यावरण के साथ-साथ शाही जोड़े के रॉयल और देसी अंदाज ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं।
ग्रीन कार्पेट पर टिक गईं सबकी निगाहें
ग्रीन कार्पेट पर कदम रखते ही सभी की निगाहें शाही कपल पर टिक गईं। प्रिंसेस केट सिंदूरी लाल रंग की बेहद खूबसूरत अनारकली में नजर आईं, तो वहीं प्रिंस विलियम क्लासिक ब्लैक बंदगला लुक में काफी जच रहे थे। दोनों का अंदाज भारत की संस्कृति को सम्मान देता नजर आया। इस शाही शाम के लिए दोनों ने भारतीय डिजाइनरों के आउटफिट्स चुने। प्रिंस विलियम डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के कस्टम ब्लैक वेलवेट बंदगला जैकेट और मैचिंग ट्राउजर में बेहद डैपर और क्लासी लगे। उनका यह सधा हुआ रॉयल ब्लैक अवतार प्रिंसेस केट के रेड लुक को परफेक्टली कॉम्प्लीमेंट कर रहा था।
70 हजार की अनारकली में लगीं रॉयल प्रिंसेस
प्रिंसेस केट ने डिजाइनर महिमा महाजन की कस्टम अनारकली पहनी थी, जिसकी कीमत डिजाइनर की ऑफिशियल वेबसाइट पर 70,000 रुपये बताई गई है। यह आउटफिट बनारसी जॉर्जेट फैब्रिक पर बारीक हैंड-एम्ब्रॉयडरी के साथ तैयार किया गया है। इसकी वी-नेकलाइन पूरे लुक में एक डेलिकेट और ग्रेसफुल टच जोड़ रही थी, जबकि चोली और फुल स्लीव्स के किनारों पर की गई सुनहरी और हरे रंग की कारीगरी इसकी शाही चमक को कई गुना बढ़ा रही थी।
बांधनी प्रिंट ने बढ़ाई खूबसूरती
ड्रेस की खूबसूरती में पारंपरिक देसी एलिमेंट्स और रिच बांधनी प्रिंट की खास भूमिका रही। पूरे फ्लोर-लेंथ अनारकली पर सुनहरे डॉट्स के रूप में उभरता बांधनी पैटर्न भारतीय शिल्पकला की शानदार बानगी पेश करता है। पारंपरिक बुनाई और मॉडर्न सिल्हूट के इस मेल ने प्रिंसेस केट को एक परफेक्ट देसी रॉयल प्रिंसेस जैसा लुक दिया, जिसे उन्होंने मैचिंग वेलवेट क्लच और सॉफ्ट वैवी हेयरस्टाइल के साथ बेहद खूबसूरती से कैरी किया।
महारानी के पन्नों ने लगाया चार चांद
अपने इस शाही लुक को और खास बनाने के लिए केट ने क्वीन एलिजाबेथ II के ऐतिहासिक एम्रल्ड टैसल सूट से एम्रल्ड और डायमंड का क्लासी नेकलेस और मैचिंग इयररिंग्स पहने। अनारकली पर हुई हरे रंग की कढ़ाई के साथ इन पन्नों का तालमेल देखते ही बन रहा था। दिलचस्प बात यह है कि केट ने इस खास नेकलेस को पहली बार इस अवॉर्ड शो में पहना, लेकिन वह इससे पहले मार्च 2022 में अपने जमैका दौरे के दौरान इसी सेट के इयररिंग्स और ब्रेसलेट पहन चुकी हैं।
जूलरी का है शाही इतिहास
इस बेशकीमती जूलरी सेट का इतिहास भी काफी दिलचस्प है। क्वीन एलिजाबेथ II ने इसे पहली बार साल 1989 में तब पहना था, जब यूएई के तत्कालीन राष्ट्रपति शेख जायद बिन सुल्तान अल नाहयान राजकीय यात्रा पर आए थे। माना जाता है कि शेख ने ही महारानी को यह अनमोल तोहफा भेंट किया था, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
इसके बाद महारानी ने इसे कई बड़े इवेंट्स में पहना, जिनमें 1991 के जी7 समिट के दौरान बकिंघम पैलेस में हुआ डिनर और 2011 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और मिशेल ओबामा के सम्मान में आयोजित शाही डिनर शामिल है।










