नई दिल्ली: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का बहुत बड़ा महत्व है। इसी दिन चार महीने बाद भगवान विष्णु योग निद्रा से जागते हैं। इसी दिन से चातुर्मास खत्म होत है और शुभ-मांगलिक कामों की शुरुआत हो जाती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है।
देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी और देवोत्थान एकादशी भी कहा जाता है। इस बार इस दिन रवि योग का महा संयोग बन रहा है, जिसे बहुत शुभ और ऊर्जावान माना जाता है। कहा जाता है कि इस योग में किए गए काम का फल कई गुना ज्यादा मिलता है।
कब है देवउठनी एकादशी?
हिंदू पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 07:15 बजे से शुरू होगी और 21 नवंबर 2026 को सुबह 06:31बजे खत्म होगी। गृहस्थ यानी स्मार्त लोग देवउठनी एकादशी का वर्त 20 नवंबर 2026 को रखेंगे। वहीं वैष्णव संप्रदाय के लोग 21 नवंबर 2026 को व्रत रखेंगे। देवउठनी एकादशी के दिन ही तुलसी विवाह की परंपरा भी है।
पूजा का शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 बजे से सुबह 5:54 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक
गृहस्थ व्रत रखने वाले लोग 21 नवंबर को पारण करेंगे। पारण का शुभ मुहूर्त दोपहर 01:11 बजे से दोपहर 03:18 बजे तक रहेगा। वैष्णव संप्रदाय के लोग व्रत का पारण 22 नवंबर को करेंगे।
व्रत का महत्व क्या है?
पद्मपुराण और स्कंदपुराण के अनुसार, देवउठनी एकादशी का व्रत करने और भगवान विष्णु की पूजा करने से हजारों अश्वमेघ और राजसूय यज्ञ के बराबर पुण्य मिलता है। इससे पुराने पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
व्रत के नियम जरूर जान लें
1. तुलसी विवाह: इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा है।
2. दीपदान: शाम के समय घर के मुख्य द्वार, मंदिर और तुलसी के पास दीप जलाने का विशेष महत्व है।
3. दान-पुण्य: इस दिन गरीब और जरूरतमंद लोगों को अन्न और वस्त्र दान करना बहुत शुभ माना जाता है।
4. क्या न खाएं: एकादशी के दिन लहसुन, प्याज, मांस-मदिरा और चावल का सेवन नहीं करना चाहिए।
5. क्या न करें: इस दिन बाल और नाखून काटने की मनाही होती है। साथ ही वाद-विवाद और गुस्से से भी दूर रहना चाहिए।












