फतेहाबाद: गत दिवस स्थानीय श्री रघुनाथ मंदिर में अन्नकूट पर्व धूमधाम से मनाया गया, जिसमें सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने गोवर्धन पूजा में भाग लिया। इस मौके पर मंदिर सभा के प्रधान टेकचंद मिढ्ढा, उपप्रधान कैलाश बत्रा ने मुख्य यजमान के तौर पर पूजा करवाई।
गोवर्धन पूजा और कथा का आयोजन
यह जानकारी देते हुए प्रधान टेकचंद मिढ्ढा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष श्री रघुनाथ मंदिर में अन्नकूट पर्व धूमधाम से मनाया जाता है तथा गिरीराज गोवर्धन जी की पूजा की जाती है। उन्होंने बताया कि मंदिर के पुजारी राकेश शर्मा ने गिरिराज गोवर्धन महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई तथा भजन कीर्तन के माध्यम से गिरिराज जी महाराज का गुणगान किया। पुजारी जी ने गोवर्धन जी का माहात्म्य तथा कथा सुनाई, जिसका श्रद्धालुओं ने बड़े ही भाव से श्रवण किया। उन्होंने कहा कि जो लोग गिरिराज जी की सात कोस की परिक्रमा पर नहीं जा पाते, वे इस पर्व में कथा के दौरान मंत्रों से आह्वाहन करके स्थापित किए गिरिराज जी के श्रीविग्रह की चार परिक्रमा करके भी उसी पुण्य को प्राप्त कर सकते हैं।
भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण
गोवर्धन पूजा के दौरान उमंग सरदाना ने गोवर्धन महाराज के सुंदर सुंदर भजन गाकर श्रद्धालुओं को भक्ति के रस में सराबोर कर दिया। अंत में आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष हंसराज ग्रोवर, भीमसेन नारंग, मोहन लाल नारंग, चंद्रभान नागपाल, वेद प्रकाश नारंग, हंसराज रेल्हन, किट्टू बजाज, दीवान चंद नागपाल, उमंग सरदाना, बंटी निझारा, आशू गिल्होत्रा, विनोद तेहरिया, मोहित बजाज, जितेन्द्र सरदाना, सुशील रेल्हन, मुकेश नागपाल, भरत बजाज, लव शर्मा, नरेश निझारा, लविश ग्रोवर, बहन आत्म देवी सहित सैंकड़ो साधक व भक्तगण मौजूद थे।












