174 जिंदगियां बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को ‘सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक’ देने की मांग

0
8

नई दिल्ली: जब आसमान में उड़ान भरता विमान अचानक संकट के घेरे में आ जाए और सामने सैकड़ों जिंदगियों पर खतरा मंडराने लगे तब एक पायलट का फैसला ही जिंदगी और मौत के बीच की आखिरी उम्मीद बन जाता है। ऐसे ही विषम हालात में असाधारण साहस सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को अब देश के प्रतिष्ठित ‘सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित किए जाने की मांग उठी है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने भारत सरकार से यह विशेष आग्रह किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि कैप्टन स्मित मच्छार की वीरता और साहस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाए।

खुद घायल हुए लेकिन यात्रियों को बचाया

फ्लाईदुबई विमान से जुड़ी हालिया घटना के दौरान कैप्टन मच्छार ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया। बताया गया है कि वह स्वयं गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान में सवार 174 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा के लिए डटे रहे। उनके साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को लेकर कैट ने कहा है कि यह घटना संकट की घड़ी में मानवीय संवेदना और पेशेवर जिम्मेदारी की मिसाल है। कैट का कहना है कि कैप्टन मच्छार ने जिस तरह परिस्थितियों का सामना किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

क्या है सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक?

सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक’ जीवन रक्षा पदक श्रृंखला का सर्वोच्च सम्मान है। यह उन लोगों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने दूसरों के प्राण बचाने के लिए स्वयं के जीवन को गंभीर खतरे में डालकर असाधारण साहस का प्रदर्शन किया हो। कैट के मुताबिक कैप्टन स्मित मच्छार का साहस इस सम्मान की भावना के अनुरूप है। संगठन का कहना है कि उन्होंने न केवल यात्रियों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस दिखाया बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय पायलटों की पेशेवर क्षमता और मानवीय मूल्यों की भी मिसाल पेश की।

प्रधानमंत्री की सराहना का भी किया जिक्र

प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कैप्टन मच्छार के साहस की सराहना किया जाना पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे साहसी प्रयासों को राष्ट्रीय सम्मान मिलने से समाज में कर्तव्य, साहस और मानवता के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत वीरों की भूमि है और कैप्टन स्मित मच्छार ने संकट की घड़ी में अपने साहस से इसे साबित किया है। खंडेलवाल ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि देश का व्यापारी समुदाय उनके साथ खड़ा है और उनके जल्द पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।

भारत लौटेंगे तो होगा भव्य नागरिक अभिनंदन

कैट ने कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में एक और बड़ा ऐलान किया है। प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि जब भी कैप्टन मच्छार भारत आएंगे, कैट की ओर से उनका भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में देशभर के व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होकर इस साहसी भारतीय का सम्मान करेंगे। खंडेलवाल ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने यह संदेश दिया है कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक सच्चा कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए हर संभव प्रयास करता है। उनका साहस देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here