दिल्ली के शाहदरा में दो मंजिला इमारत गिरी, बच्चे समेत 2 की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

0
12

नई दिल्ली: दिल्ली में इमारतों के गिरने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। मंगलवार को शाहदरा इलाके में दो मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटे हैं।अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद छह से सात लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मलबे के नीचे और कितने लोग फंसे हुए हैं। इमारत किस वजह से गिरी, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

दिल्ली में पहले भी गिर चुकी हैं कई इमारतें

शाहदरा की घटना ऐसे समय हुई है, जब राजधानी में पिछले कुछ महीनों में इमारतें ढहने के कई मामले सामने आए हैं। 15 अक्टूबर को पहाड़गंज में निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा गिरने से कम से कम आठ लोग घायल हुए थे। यह हादसा संगतराशन इलाके में सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास हुआ था। पुलिस और दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था। दूसरी मंजिल की छत का लेंटर डालते समय उसका एक हिस्सा ढह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया।

पुरानी दिल्ली में भी हुए हादसे

5 नवंबर को पुरानी दिल्ली में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई थी। अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 9:50 बजे हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। इसी तारीख को हौज काजी इलाके में भी तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने की घटना बताई गई, जिसमें छह लोगों की मौत हुई थी। वहीं, सितंबर में सत्य निकेतन में पेइंग गेस्ट आवास वाली पांच मंजिला इमारत ढहने से छात्रों समेत सात लोगों की जान चली गई थी। 15 नवंबर को पहाड़गंज में एक और इमारत गिरने से कई लोग घायल हुए थे। राजधानी में लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने इमारतों की सुरक्षा और निर्माण कार्यों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here