थाने से चंद कदम दूर मौत का तांडव! अज्ञात वाहन की टक्कर से 19 वर्षीय रोहित की दर्दनाक मौत

0
7

नई दिल्ली: सड़क पर दौड़ते वाहनों की रफ्तार एक बार फिर एक नौजवान की जिंदगी निगल गई। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में बुधवार सुबह हेडगेवार रोड स्थित सीएनजी पंप के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय रोहित की मौत हो गई। जिंदगी की राह पर आगे बढ़ने की उम्र में रोहित की सांसें सड़क पर ही थम गईं। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान  रोहित (19) पुत्र कैलाश निवासी सपेरा बस्ती घरौली गांव दिल्ली के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने रोहित को जोरदार टक्कर मारी और उसे कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।

थाने के नजदीक हादसा

इस घटना ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब परिजनों और स्थानीय लोगों ने गाजीपुर थाने से चंद कदम की दूरी पर हादसा होने के बावजूद पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप लगाया। परिजनों का दावा है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस घटनास्थल पर देरी से पहुंची। नाराज परिजन और आसपास के लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और जाम लगाकर अपना आक्रोश जाहिर किया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दिल्ली पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजकर 37 मिनट पर गाजीपुर थाने को हेडगेवार रोड स्थित सीएनजी पंप के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां सूचना देने वाला आकाश मौजूद मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोहित को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। घायल अवस्था में उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।

सीसीटीवी में तलाशा जा रहा मौत का वाहन

अब पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम एवं चिकित्सकीय-कानूनी दस्तावेज प्राप्त होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। एक तरफ परिवार अपने 19 वर्षीय बेटे को खोने के गम में डूबा है, तो दूसरी तरफ फरार वाहन चालक की पहचान और गिरफ्तारी का इंतजार है। सवाल यही है कि आखिर सड़क पर मौत बनकर दौड़ने वाला यह वाहन कब पुलिस की पकड़ में आएगा?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here