पटाखों के अवैध कारोबार पर दिल्ली पुलिस का सिंकंजा, 10 मुकदमे दर्ज, 1,073 किलो से अधिक विस्फोटक पटाखे जब्त

0
10

नई दिल्ली: त्योहारों की रौनक के बीच लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले अवैध पटाखा कारोबारियों के खिलाफ उत्तर जिला पुलिस ने बड़ी मुहिम छेड़ दी है। राजधानी के बाजारों और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कब्जे और भंडारण पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत पांच थानों की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 10 मुकदमे दर्ज किए और 1,073.426 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं।

सब्जी मंडी में सबसे बड़ी बरामदगी

उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि इस कार्रवाई में सबसे बड़ी सफलता सब्जी मंडी थाना क्षेत्र में मिली जहां तीन अलग-अलग मामलों में कुल 622.88 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। इसके अलावा बाड़ा हिंदूराव थाना क्षेत्र में तीन मामलों में 178.50 किलोग्राम, कोतवाली क्षेत्र में दो मामलों में 107.60 किलोग्राम, लाहौरी गेट में 88.916 किलोग्राम और बुराड़ी थाना क्षेत्र में 75.530 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए।

इन इलाकों में पुलिस की कार्रवाई

लाहौरी गेट पुलिस ने 16 अक्टूबर को सर शोभा सिंह पॉलीक्लिनिक के सामने से पटाखे बरामद कर मुकदमा दर्ज किया। बुराड़ी पुलिस ने 18 अक्टूबर को हिमगिरि के बी-ब्लॉक में मकान नंबर 163 के सामने कार्रवाई की। इसी दिन कोतवाली पुलिस ने अंगूरी बाग फूल वाला रोड स्थित प्रभा धर्मशाला के पास से 93 किलोग्राम पटाखे जब्त किए। बाद में 27 अक्टूबर को मोती सिनेमा, चांदनी चौक के पास से 14.600 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। बाड़ा हिंदूराव पुलिस ने महावीर बाजार में तीन मामलों में 178.50 किलोग्राम पटाखे जब्त किए। वहीं सब्जी मंडी पुलिस ने मंदिर वाली गली, आर्य मंदिर के पास तथा पुल बंगश और रोशनआरा रोड के आसपास कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए।

जनसुरक्षा सर्वोपरि, पुलिस की सख्त चेतावनी

उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध पटाखों का भंडारण और असुरक्षित रखरखाव आगजनी तथा गंभीर हादसों का कारण बन सकता है। पुलिस ने व्यापारियों दुकानदारों और मकान मालिकों से नियमों का पालन करने तथा अवैध बिक्री एवं भंडारण से दूर रहने की अपील की है।संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का भी आग्रह किया गया है। सभी मामलों में कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here