नई दिल्ली: AI अब हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गया है. पढ़ाई, ऑफिस के काम से लेकर कई छोटे-बड़े कामों के लिए लोग AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं. इनमें ChatGPT सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले प्लेटफॉर्म में शामिल है. अब इसके फ्री वर्जन को लेकर एक ऐसा बदलाव सामने आ रहा है, जो यूजर्स के अनुभव को बदल सकता है.
अब तक फ्री ChatGPT इस्तेमाल करने वाले लोगों को जवाबों के साथ किसी तरह का विज्ञापन नहीं दिखता था. लेकिन आने वाले समय में ऐसा बदल सकता है. फ्री वर्जन में किसी सवाल का जवाब देखने के दौरान उसके नीचे Sponsored Ad नजर आ सकता है. इसका मतलब है कि अगर आपने किसी प्रोडक्ट या सर्विस से जुड़ा सवाल पूछा, तो ChatGPT के जवाब के नीचे उससे संबंधित किसी कंपनी का विज्ञापन दिखाई दे सकता है. OpenAI सब्सक्रिप्शन के अलावा विज्ञापन के जरिए भी कमाई का रास्ता तैयार कर रहा है.
क्या हर सवाल के साथ आएगा Ad?
ऐसा जरूरी नहीं है कि फ्री यूजर द्वारा पूछे गए हर सवाल के जवाब के नीचे विज्ञापन दिखाई दे. कौन से यूजर को विज्ञापन दिखेगा और किस तरह का Ad नजर आएगा, यह प्लेटफॉर्म के सिस्टम और विज्ञापन मॉडल पर निर्भर करेगा. उदाहरण के लिए, अगर आपने किसी प्रोडक्ट के बारे में जानकारी मांगी है, तो जवाब के नीचे उससे जुड़ा Sponsored Ad दिखाई दे सकता है. पसंद आने पर यूजर विज्ञापन पर जाकर प्रोडक्ट के बारे में और जानकारी हासिल कर सकता है या उसे खरीद सकता है.
कंपनियां कैसे चलाएंगी विज्ञापन?
कंपनियों के लिए ChatGPT पर अपने विज्ञापन संभावित ग्राहकों तक पहुंचाने का एक नया जरिया बन सकता है. रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विज्ञापन की शुरुआती कीमत करीब 725 रुपये प्रतिदिन हो सकती है. हालांकि, कीमत, उपलब्धता और दूसरे नियम आगे बदल सकते हैं.
क्या सुरक्षित रहेंगी आपकी पर्सनल चैट्स?
Ads को लेकर यूजर्स के मन में सबसे बड़ा सवाल उनकी प्राइवेसी से जुड़ा है. OpenAI के मुताबिक, विज्ञापन दिखाने वाली कंपनियां यूजर्स की निजी ChatGPT बातचीत नहीं पढ़ सकतीं. यानी आपने ChatGPT से क्या पूछा, कौन सी जानकारी साझा की या किस विषय पर बातचीत की, यह जानकारी सीधे एडवर्टाइजर्स को उपलब्ध नहीं कराई जाएगी. विज्ञापनों को सही यूजर्स तक पहुंचाने के लिए कुछ सीमित जानकारी का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन व्यक्तिगत चैट को विज्ञापनदाताओं के साथ साझा नहीं किया जाएगा.












