अब AI करेगा दांतों की निगरानी, Dyson ने लॉन्च किया ₹47 हजार का स्मार्ट टूथब्रश

0
6
Dyson CameraJet
x @ShishirShelke1

नई दिल्ली: आपने अब तक टूथब्रश पर कितने रुपये खर्च किए हैं? आम तौर पर इसकी कीमत 10-20 रुपये से शुरू होकर इलेक्ट्रिक मॉडल में 2000 रुपये तक पहुंचती है. लेकिन अब एक ऐसा टूथब्रश बाजार में आया है, जिसकी कीमत सुनकर आप हैरान हो सकते हैं. Dyson ने CameraJet नाम का इलेक्ट्रिक टूथब्रश पेश किया है, जिसकी कीमत 499.99 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 47 हजार रुपये है. 

खास बात यह है कि इसमें सिर्फ ब्रश करने की सुविधा नहीं, बल्कि इन-बिल्ट कैमरा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और माउथवॉश जेट भी दिया गया है. यह तकनीक दांतों के बीच मौजूद जगह को पहचानकर वहां सफाई करने के लिए बनाई गई है.

हर सेकंड 28 तस्वीरें लेता है कैमरा

Dyson ने छह साल के रिसर्च और डेवलपमेंट के बाद 1 सितंबर को पेरिस में CameraJet को पेश किया. कंपनी के मुताबिक, दांतों के बीच की जगह को अच्छी तरह साफ करना ओरल केयर की बड़ी चुनौतियों में से एक है. इसी समस्या को ध्यान में रखकर इस डिवाइस को तैयार किया गया है.

इसके ब्रश हेड में 1,00,000-पिक्सल का मैक्रो कैमरा लगाया गया है. यह कैमरा हर सेकंड 28 तस्वीरें लेता है. इसके बाद मशीन-लर्निंग सिस्टम इन तस्वीरों की मदद से दांतों के बीच मौजूद गैप की पहचान करता है. गैप का पता चलते ही Dyson का गैप ऑप्टिकल टारगेटिंग सिस्टम वहां माउथवॉश का छोटा जेट छोड़ता है. कंपनी का दावा है कि यह जेट महज 100 मिलीसेकंड में एक्टिव हो जाता है. यानी डिवाइस ब्रशिंग के साथ दांतों के बीच की सफाई भी करने का काम करता है.

ऐप से देख सकेंगे मुंह का लाइव व्यू

CameraJet Wi-Fi और Bluetooth के जरिए MyDyson ऐप से जुड़ता है. ऐप पर यूजर्स अपने मुंह के अंदर का लाइव व्यू देख सकते हैं और ब्रशिंग से जुड़ी गाइडेंस भी हासिल कर सकते हैं. इसके अलावा मैप के जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि मुंह का कौन-सा हिस्सा साफ हो चुका है. कैमरे को लेकर प्राइवेसी से जुड़े सवाल भी उठ सकते हैं. Dyson का कहना है कि कैमरा केवल लाइव व्यू या ऑटोमैटिक जेटिंग के दौरान काम करता है. इसकी तस्वीरें न तो टूथब्रश में सेव होती हैं और न ही क्लाउड पर स्टोर की जाती हैं.

यह टूथब्रश Ceramic Ultra Blue और Ceramic Pink रंगों में उपलब्ध होगा. Dyson इसके लिए कम झाग वाला खास टूथपेस्ट और माउथवॉश भी तैयार कर रहा है, क्योंकि ज्यादा झाग कैमरे के व्यू को प्रभावित कर सकता है. भारत में CameraJet की बिक्री कब शुरू होगी, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here