पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से हॉरर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अपनी पसंद से शादी करने वाली युवती की हत्या के आरोप में उसके ही भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी बहन की लव मैरिज से नाराज था। आरोप है कि उसने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
झाड़ियों में मिला था युवती का शव
यह मामला मुजफ्फरपुर जिले में दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास का है। यहां 7 अक्टूबर को झाड़ियों में रेणु कुमारी का शव मिला था। घटना के तीन दिन बाद युवती के पिता हरेंद्र राय ने एसकेएमसीएच में शव की पहचान की। इसके बाद उन्होंने कांटी थाने में शिकायत दर्ज कराई और हत्या की आशंका जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की गई। जांच के दौरान पुलिस को रेणु के भाई मनीष कुमार पर शक हुआ, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
लव मैरिज से नाराज था भाई
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मनीष ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोप है कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर रेणु के गले में दुपट्टे का फंदा लगाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद दोनों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि घटना के सबूत छिपाए जा सकें। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है।
जांच में सामने आया कि रेणु ने करीब नौ महीने पहले अपनी मर्जी से रामपुरहरि के रहने वाले प्रिंस से शादी की थी। इस फैसले को लेकर परिवार में काफी समय से तनाव चल रहा था।
वीडियो वायरल होने से बढ़ी नाराजगी
पुलिस के मुताबिक, रेणु ने अपनी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। बताया जा रहा है कि इससे उसका भाई और ज्यादा नाराज हो गया था। इसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर के अनुसार, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












