मुंबई: फिल्म इंडस्ट्री बाहर से जितनी ग्लैमरस नजर आती है, अंदर से उसकी हकीकत उतनी ही कड़वी बताई जाती है। कास्टिंग काउच को लेकर अक्सर एक्ट्रेसेस की कहानियां सामने आती हैं, लेकिन अब एक फिल्ममेकर ने दावा किया है कि इसका शिकार मेल एक्टर्स भी होते हैं। फिल्ममेकर राहत शाह काजमी ने हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में इंडस्ट्री के डार्क साइड पर खुलकर बात की। इंटरव्यू के दौरान उनसे सवाल किया गया कि क्या आज के समय में भी मेल एक्टर्स रोल पाने के लिए डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स के साथ सोते हैं?
“हां बिल्कुल, ये सबको पता है” – राहत काजमी
इस पर राहत शाह काजमी ने बिना हिचक जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हां, बिल्कुल। ये तो सबको पता है, इसमें कोई नई बात नहीं है। ये मेल एक्टर्स का शोषण है या फिर वो फेम पाने के लिए खुद ये सब करते हैं, ये कहना मुश्किल है। लेकिन ऐसा होता है।”
एक्टर्स को विक्टिम नहीं मानते फिल्ममेकर
फिल्ममेकर ने आगे कहा कि उन्हें ऐसे एक्टर्स विक्टिम नहीं लगते। उन्होंने कहा, “मुझे कहीं से भी वो विक्टिम नहीं लगते, क्योंकि आप ये खुद चुन रहे हो। आपके पास दो रास्ते हैं। एक मुश्किल रास्ता, जो हमने चुना कि अगर एंट्री नहीं मिल रही तो खुद ही सिनेमा बना लो। और दूसरा आसान रास्ता कि किसी डायरेक्टर या प्रोड्यूसर के साथ इन्वॉल्व हो जाओ। तो ये उनकी मर्जी है।”
टॉप हीरोज की इनसिक्योरिटी पर भी बोले
इंटरव्यू में राहत से एक और सवाल पूछा गया कि इंडस्ट्री के टॉप हीरो अधिक उम्र होने के बाद भी कम उम्र की हीरोइनों के साथ रोमांस करते नजर आते हैं, ये कब बदलेगा? इस पर राहत ने कहा कि हमारे सुपरस्टार रियलिस्टिक सिनेमा करने से डरते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे सुपरस्टार्स काफी इनसिक्योर हैं। वो एक्सपेरिमेंट नहीं करना चाहते, अपना लुक तक नहीं बदलना चाहते। और डायरेक्टर्स भी उनके सामने कुछ बोल नहीं पाते।” राहत शाह काजमी के इन बयानों ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच और स्टारडम के काले सच पर बहस छेड़ दी है।












