BJP का खरगे पर हल्लाबोल, पुतला फूंका, सरावगी बोले- 'राहुल-खरगे कान पकड़कर'

0
9

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। सोमवार को पटना में बीजेपी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से सड़क पर उतरे और खरगे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इनकम टैक्स गोलंबर तक मार्च, मांगी माफी

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी दफ्तर से इनकम टैक्स गोलंबर तक विरोध मार्च निकाला। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए कार्यकर्ताओं ने ‘बुजुर्ग खरगे शर्म करो, अपशब्द बोलना बंद करो’ जैसे नारे लगाए। डाक बंगला चौराहे पर खरगे का पुतला भी फूंका गया। प्रदर्शन में पार्टी ने सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों को जुटने का आह्वान किया था।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि खरगे और राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों नेताओं को कान पकड़कर उठक-बैठक लगाकर माफी मांगनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक कांग्रेस नेतृत्व माफी नहीं मांगता, विरोध जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में मुस्लिम समाज के कुछ युवा भी शामिल हुए, जिन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से बिहार के मुसलमानों से माफी मांगने की मांग की।

क्या कहा था खरगे ने?

दरअसल रविवार को पटना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान विवाद शुरू हुआ। एक कार्यकर्ता ने मंच से कहा कि जब तक विद्रोह नहीं होगा, मोदी सरकार नहीं हटेगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने कहा था – ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।’ बस इसी टिप्पणी के बाद बीजेपी हमलावर हो गई। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। बीजेपी ने इसे अपमानजनक बयान बताते हुए कांग्रेस पर देश की संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया है। फिलहाल इस बयान को लेकर दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here