बागेश्वर धाम की कथा रद्द होने से आहत पैंडा वाले बाबा ने फेसबुक लाइव पर खाया जहर, हालत गंभीर

0
8

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में पैंड़ा वाले बाबा गोविंद दास ने फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पी लिया। उन्होंने लाइव में कहा कि बस्ती में बागेश्वर सरकार की कथा कराने में नाकाम रहने के कारण यह कदम उठा रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि गोविंद दास ने अपने आश्रम में लाइव आकर यह कदम उठाया।

वीडियो में बोले ‘मैं हार गया’

वीडियो में वह बार-बार ‘मैं हार गया’ कहते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने कुछ लोगों के नाम लेकर उनसे अपने माता-पिता का ख्याल रखने की गुजारिश की और सभी से माफी मांगते हुए शीशी में रखा तरल पदार्थ पी लिया। इसके बाद वहां मौजूद सहयोगियों में अफरा-तफरी मच गई। समर्थकों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

पहले भी कर चुके हैं ऐसा प्रयास

जानकारी के मुताबिक बाबा गोविंद दास बस्ती में बागेश्वर धाम सरकार की कथा कराने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने बस्ती से पैदल यात्रा भी की थी और दुर्गा पूजा मेले के दौरान सड़क पर बैठकर कथा के लिए सहयोग की अपील की थी। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने ऐसा कदम उठाया हो। इससे पहले 9 जून 2025 को भी उन्होंने मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम से फेसबुक लाइव के दौरान जहरीली दवा खा ली थी। तब बस्ती पुलिस और बागेश्वर धाम के सेवादारों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मजार से मंदिर तक का सफर

गोविंद दास ने करीब सात साल पहले पैंड़ा में एक मजार बनवाई थी और वहीं रहकर झाड़-फूंक करते थे। पिछले साल उन्होंने मजार हटाकर वहां मंदिर बनाने का फैसला किया और नींव भी डाल दी थी, जिसके बाद से क्षेत्र में माहौल गर्म रहा था। फिलहाल बाबा की हालत गंभीर बताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। समर्थकों में चिंता का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here