लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर दहेज में पहले थार गाड़ी और फिर बाइक मांगने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ घर में मारपीट की गई और फिर बालों से पकड़कर गली में घसीटा गया। इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़िता और उसके भाई ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मामला लुधियाना के जस्सियां ग्रीन एन्क्लेव का बताया जा रहा है। पीड़िता ट्विंकल ने अपने पति रितीश शर्मा पर आरोप लगाया है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही उससे महंगी चीजें और गाड़ी मांगने का दबाव बनाया जाने लगा था। महिला के मुताबिक, मांगें पूरी नहीं करने पर उसे मारपीट का सामना करना पड़ता था। ट्विंकल का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद पति ने उसके कार्ड से 50 हजार रुपये का लोन भी करवाया था। इसके बाद उसने थार गाड़ी की मांग शुरू कर दी। जब महिला यह मांग पूरी नहीं कर सकी, तो उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।
नवरात्रि में बाइक मांगी, विरोध पर मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, नवरात्रि के दौरान पति ने उससे बाइक की मांग की। महिला का कहना है कि वह इस मांग को पूरा नहीं कर पाई, जिसके बाद पहले घर के अंदर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद उसे बालों से पकड़कर घर से बाहर गली में घसीटा गया और लात-घूंसों से पीटा गया।
घटना से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला के साथ गली में मारपीट किए जाने की बात कही जा रही है। ट्विंकल ने आरोप लगाया कि उसने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन काफी समय गुजरने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उसने अपने भाई के साथ मिलकर मामले में जल्द कदम उठाने की मांग की है।
बहन को बचाने पहुंचे भाई के साथ भी मारपीट
ट्विंकल के भाई गौरव ने बताया कि पड़ोसियों ने फोन करके उन्हें बहन के साथ हो रही मारपीट की जानकारी दी थी। उन्होंने गौरव से मौके पर पहुंचकर बहन को अस्पताल ले जाने के लिए कहा। इसके बाद गौरव अपने पिता के साथ बहन के ससुराल पहुंचे। गौरव का आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान उनके सिर में चोट आई और इलाज के लिए कई टांके लगाने पड़े। उन्होंने भी पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा
मामले को लेकर जगतपुरी चौकी के इंचार्ज ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए हैं। महिला की मेडिकल रिपोर्ट भी मिल चुकी है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले में जल्द एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल, महिला और उसके भाई ने मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। अब इस मामले में पुलिस की आगे की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजर है।












