नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बहस वाले चैलेंज पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी बहस करना चाहते हैं, तो वह सीधे प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखें। भाजपा संसद का स्पेशल सेशन बुलाने के लिए तैयार है। राहुल गांधी संसद में आएं और बहस करें। इतना ही नहीं, संसद के बाहर बहस की चुनौती पर भी शाह ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को सड़क पर ही बहस करनी है, तो हरियाणा का कोई भी चौराहा चुन लें। वहां भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष उनसे चर्चा करने पहुंच जाएंगे।
करनाल में पैदल यात्रा के दौरान साधा निशाना
हरियाणा के करनाल में पैदल यात्रा के दौरान अमित शाह ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद की कार्यवाही नहीं चलने देती और न ही अहम मुद्दों पर चर्चा करती है। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संसद में हंगामा करना ही अपनी राजनीतिक शैली बना लिया है। अब सड़कों पर भीड़ जुटाकर अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, “मैं राहुल गांधी को सीधी चुनौती देता हूं। आप प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती देते हैं। सीधे तरीके से पीएम को पत्र लिखिए। हम संसद में स्पेशल सेशन लगाते हैं। आइए और SIR पर बहस कीजिए।”
सड़क पर बहस का शौक तो चौराहा चुन लें
राहुल गांधी के हमलों को लेकर शाह ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह का व्यवहार सही नहीं है। देश की जनता को तय करना चाहिए कि देश की समस्याओं और जनकल्याण की योजनाओं पर चर्चा संसद में होनी चाहिए या सड़कों पर। उन्होंने कहा, “राहुल जी, आपको सड़क पर चर्चा करने का इतना ही शौक है, तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। आप मोदी जी को बहस के लिए कहते हैं, मोदी जी को छोड़िए, मैं आपको कहता हूं कि हरियाणा का कोई भी चौराहा चुन लीजिए, मेरे युवा मोर्चा के अध्यक्ष आपसे चर्चा करेंगे।”
क्या है पूरा मामला?
शाह का यह बयान राहुल गांधी के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को सीधे बहस की चुनौती दी थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था, “कोई भी मंच या जगह चुन लीजिए। देशद्रोही कौन है, इस विषय पर मुझसे बहस कर लीजिए। विदेशी ताकतें किसके साथ हैं और उन संबंधों की प्रकृति क्या है, इस पर बात करते हैं। आइए, जल्दी से ऐसा करते हैं। हम दोनों वहां होंगे, मीडिया वहां होगा और इस देश के युवा भी वहां होंगे।” राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। अब अमित शाह के बयान के बाद दोनों के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।












