एलन मस्क का नया मास्टरस्ट्रोक! X Money से बदल जाएगा डिजिटल पेमेंट का तरीका

0
11
Elon Musk Launches Invite-Only X Money
Elon Musk Launches Invite-Only X Money

नई दिल्ली: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को एक नई दिशा देते हुए ‘X Money’ नाम की वित्तीय सेवा लॉन्च की है. इस नई सुविधा के जरिए यूजर्स एक-दूसरे को तुरंत पैसे भेज सकेंगे. फिलहाल यह सेवा केवल चुनिंदा लोगों के लिए शुरू की गई है और इसे इनवाइट-ओनली रखा गया है. यह मस्क के उस बड़े विजन का हिस्सा है, जिसमें वह X को सिर्फ सोशल मीडिया नहीं बल्कि एक “एवरीथिंग ऐप” बनाना चाहते हैं.

फिलहाल सिर्फ चुनिंदा यूजर्स को मिलेगी सुविधा

अभी X Money का इस्तेमाल केवल आमंत्रण मिलने पर ही किया जा सकता है. शुरुआत में यह सुविधा X Premium सब्सक्राइबर्स को दी जा रही है. जिन यूजर्स को एक्सेस मिलेगा, उन्हें X ब्रांडेड Visa डेबिट कार्ड भी दिया जाएगा.

इस कार्ड का उपयोग उन सभी एटीएम और दुकानों पर किया जा सकेगा, जहां Visa कार्ड स्वीकार किए जाते हैं. इसके अलावा यूजर्स X प्लेटफॉर्म के अंदर ही दूसरे यूजर्स को रियल टाइम में पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे.

6% सालाना ब्याज और 3% कैशबैक का ऑफर

X Money को लोकप्रिय बनाने के लिए कंपनी आकर्षक ऑफर भी दे रही है. ग्राहकों को जमा राशि पर 6 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिलेगा. हालांकि इसके लिए खाते में कम से कम 1,000 अमेरिकी डॉलर का बैलेंस बनाए रखना होगा. साथ ही X Premium की सदस्यता भी जरूरी होगी.

इसके अलावा Visa डेबिट कार्ड से किए गए योग्य खरीदारी पर 3 प्रतिशत तक कैशबैक भी मिलेगा. कंपनी को उम्मीद है कि ये सुविधाएं अधिक से अधिक लोगों को प्लेटफॉर्म से जोड़ेंगी.

बैंक नहीं, लेकिन बैंक जैसी सुविधाएं

X Money खुद कोई लाइसेंस प्राप्त बैंक नहीं है. यह सेवा बैंकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने वाली Cross River Bank के सहयोग से संचालित की जा रही है. यानी बैंकिंग से जुड़े सभी नियामकीय काम साझेदार बैंक संभालेगा, जबकि ग्राहकों को पूरा अनुभव X Money के नाम से मिलेगा.

डिजिटल पेमेंट बाजार में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा

X Money की एंट्री ऐसे समय हुई है जब डिजिटल पेमेंट सेक्टर में पहले से कई बड़े प्लेटफॉर्म मौजूद हैं. ऐसे में X के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोगों का भरोसा जीतने और उन्हें अपने प्लेटफॉर्म पर वित्तीय लेनदेन के लिए प्रेरित करने की होगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here