KYC और कूरियर के नाम पर आने वाले फर्जी मैसेज की खुलेगी पोल, Google का नया फीचर करेगा अलर्ट

0
7

नई दिल्ली: अगर आपके फोन पर भी बैंक KYC अपडेट, पार्सल अटका है या बिजली बिल तुरंत भरो जैसे मैसेज आते हैं तो सावधान हो जाइए। साइबर ठग इसी तरह के जाल में लोगों को फंसाकर OTP, बैंक डिटेल और पैसे हड़प लेते हैं। कई बार मैसेज शुरू में बिल्कुल नॉर्मल लगता है, लेकिन धीरे-धीरे बातचीत को ठगी की तरफ ले जाया जाता है। इसी को रोकने के लिए Google अपने Messages ऐप में नया सेफ्टी फीचर ला रहा है।

क्या है Enhanced Protection फीचर?

Google Messages में Enhanced Protection नाम से नया प्रोटेक्शन सिस्टम जोड़ा जा रहा है। यह फीचर Gemini AI की मदद से काम करेगा। इसकी खासियत यह है कि यह सिर्फ एक मैसेज के शब्दों को नहीं, बल्कि पूरी बातचीत के पैटर्न को समझेगा। अनजान नंबर से हो रही चैट में अगर ठगी के संकेत मिले या कोई संदिग्ध लिंक आया तो यह यूजर को तुरंत अलर्ट कर देगा।

अभी तक ऐप में स्पैम डिटेक्शन तो था, लेकिन नए फीचर से सुरक्षा और ज्यादा मजबूत हो जाएगी। खासकर उन मामलों में जहां ठग पहले भरोसा जीतते हैं और बाद में डिटेल मांगते हैं।

कैसे करेगा काम?

मान लीजिए किसी अनजान नंबर से मैसेज आया कि आपका पार्सल डिलीवर नहीं हो पा रहा है और छोटी सी फीस के लिए लिंक पर क्लिक करें। या फिर खुद को बैंक अधिकारी बताकर KYC अपडेट का दबाव बनाया गया। शुरुआत में ये मैसेज असली लग सकते हैं। Enhanced Protection ऐसी बातचीत पर नजर रखेगा। अगर सामने वाला कुछ देर बाद OTP मांगे, पेमेंट लिंक भेजे या पर्सनल जानकारी भरने को कहे, तो AI इसे स्कैम के संकेत के तौर पर पकड़ लेगा और आपको चेतावनी देगा।

Google ने बताया कि इसके लिए कंपनी के क्लाउड बेस्ड Gemini AI मॉडल का इस्तेमाल होगा। हालांकि कंपनी ने यह भी साफ किया है कि AI की चेतावनी को ही आखिरी सच न मानें। अगर कोई मैसेज पकड़ में नहीं आता तब भी वह फ्रॉड हो सकता है, इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या OTP शेयर करने से पहले खुद भी सतर्क रहना जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here