नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में बड़ा धमाका हुआ है। ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने अपना नया और सबसे एडवांस्ड AI मॉडल GPT-6.1 Terra लॉन्च कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह सिर्फ सवाल-जवाब करने वाला चैटबॉट नहीं, बल्कि आपका पर्सनल डिजिटल एजेंट है। OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “6.1 Terra आ चुका है! यह कई कामों में माहिर है, लेकिन हम कंप्यूटर इस्तेमाल करने के इस नए दौर को लेकर सबसे ज्यादा एक्साइटेड हैं।”
क्या करेगा नया Terra मॉडल?
पुराने AI मॉडल सिर्फ टेक्स्ट लिखने तक सीमित थे, लेकिन GPT-6.1 Terra आपकी स्क्रीन को इंसानों की तरह देख और समझ सकता है। यह खुद माउस से क्लिक कर सकता है, कीबोर्ड से टाइप कर सकता है और एक ऐप से दूसरे ऐप पर जाकर काम पूरा कर सकता है। सिंपल भाषा में समझें तो यह आपके रोजमर्रा के उबाऊ कामों को अपने आप कर देगा। जैसे बिल की डिटेल्स को अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर में डालना, लंबे-लंबे ऑनलाइन फॉर्म भरना, बिजनेस प्रपोजल बनाना या किसी आर्किटेक्चर ड्राइंग को सीधे 3D मॉडल में बदलना। कंपनियों के लिए यह बड़े पैमाने पर ऑटोमेशन का रास्ता खोल देगा।
GPT-6.1 Terra: delivering fast and capable computer use at a lower price. GPT-6.1 Terra understands what’s on screen, takes action across apps, writes naturally, and is a more capable model for your whole workday with the efficiency to take on more of it. https://t.co/8JTN1yonmV
— OpenAI (@OpenAI) October 26, 2026
तीन गुना तेज और 50% सस्ता
कंपनी का दावा है कि यह नया मॉडल पिछले वर्जन GPT-5.6 Terra से काफी बड़ा अपग्रेड है। यह कंपनी के दूसरे हाई-एंड मॉडल्स GPT-6.1 Sol और GPT-6 Astra के मुकाबले औसतन तीन गुना ज्यादा तेजी से काम करता है। सिर्फ स्पीड ही नहीं, कीमत में भी बड़ी कटौती की गई है। डेवलपर्स के लिए इसकी API कीमत 50% तक कम कर दी गई है। अब इसके लिए इनपुट टोकन का चार्ज सिर्फ 1 डॉलर प्रति मिलियन और आउटपुट टोकन का चार्ज 5 डॉलर प्रति मिलियन होगा। यह बड़े बिजनेस के लिए काफी किफायती साबित होगा।
गलतियां हुईं कम, कोडिंग में माहिर
OpenAI ने इस मॉडल को ज्यादा समझदार और कम गलती करने वाला बनाया है। इंटरनल टेस्ट में इसकी गलती करने की दर 53.6% से घटकर सिर्फ 16.7% रह गई है। वहीं फुल रीजनिंग मोड में यह दर घटकर सिर्फ 4.3% रह जाती है। कोडिंग में भी इसने कमाल कर दिया है। मुश्किल टर्मिनल बेंचमार्क टेस्ट में इसने पुराने मॉडल से दोगुना ज्यादा स्कोर किया है। इसी वजह से इसे GitHub Copilot पर तुरंत प्रोग्रामर्स के लिए लॉन्च किया जा रहा है। फिलहाल यह मॉडल ChatGPT Plus, Pro, Enterprise, Edu, ChatGPT Work, Codex, OpenAI API और Amazon Bedrock पर लाइव हो चुका है।












