बांग्लादेश में 26 दिन से नहीं थम रहा मजदूरों का गुस्सा, 17 हजार टका वेतन को बताया नाकाफी, हाईवे पर लगा जाम

0
4

नई दिल्ली: बांग्लादेश में कपड़ा फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों का गुस्सा अभी थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार देर रात वेतन बोर्ड ने न्यूनतम वेतन 17 हजार टका करने का ऐलान किया, लेकिन मजदूरों ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है, इतने पैसों में इस महंगाई में घर चलाना मुमकिन ही नहीं है। इसी नाराजगी के चलते बुधवार को भी आंदोलन 26वें दिन में पहुंच गया। गाजीपुर में हजारों मजदूर सड़कों पर उतर आए और ढाका-टांगेल और ढाका-मयमनसिंह जैसे दो बड़े हाईवे को जाम कर दिया। नाओजोर, भोगरा, चंदना चौराहा और चायदाना इलाके में दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस और मजदूरों में टकराव

भीड़ को हटाने के लिए सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड चलाने पड़े। सावर-आशुलिया इलाके में भी कई फैक्ट्रियों में मजदूरों ने काम रोक दिया। हालात इतने बिगड़े कि गाजीपुर और सावर-आशुलिया बेल्ट में करीब 87 फैक्ट्रियों को ताला लगाना पड़ा।

मजदूर आखिर चाहते क्या हैं?

अभी मजदूरों को महीने के 12,500 टका मिलते हैं। उनकी मांग है कि इसे बढ़ाकर 30,000 टका किया जाए। मजदूरों का तर्क है कि खाना, किराया, बच्चों की पढ़ाई और दवा का खर्च इतना बढ़ गया है कि पुरानी सैलरी में गुजारा करना मुश्किल हो गया है। दूसरी तरफ फैक्ट्री मालिकों का कहना है कि 30 हजार टका देना उनके बस की बात नहीं है। वो सिर्फ 15% के आसपास बढ़ोतरी पर राजी हो रहे थे। इसी खींचतान में बात अटकी हुई है।

उद्योग को करोड़ों का झटका

इस लंबे आंदोलन से बांग्लादेश के सबसे बड़े उद्योग को भारी नुकसान हो रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 317 फैक्ट्रियों को अब तक 42.8 करोड़ डॉलर से ज्यादा का नुकसान हो चुका है। ऑर्डर अटके हैं, प्रोडक्शन रुका है और विदेशी खरीदार भी परेशान हैं। कई जगहों पर प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी और गाड़ियों में आगजनी की भी खबरें आईं। पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। फिलहाल न तो सरकार, न मालिक और न मजदूर पीछे हटने को तैयार हैं। गाजीपुर में पुलिस तैनात है और फैक्ट्री मालिक सरकार से जल्द बीच का रास्ता निकालने की अपील कर रहे हैं। देखना होगा कि ये गतिरोध कब खत्म होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here