मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात चलती बस आग की लपटों में घिर गई। बस में 40 यात्री सवार थे और वह दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही थी। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन चालक ने समय रहते बस रोककर सभी यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। उसकी सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब दो बजे राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास हुआ। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बस में आग लगते ही चालक ने तुरंत स्थिति संभाली और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। इसके बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
एक महीने पहले नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जली थी बस
इससे पहले 6 अक्टूबर को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी चलती बस में आग लग गई थी। नोएडा से आगरा जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में अचानक आग की चपेट में आ गई थी। कुछ ही देर में पूरी बस जलकर खाक हो गई। हालांकि, यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया था और किसी की जान नहीं गई थी। उस घटना में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
सितंबर में बस आग हादसे में गई थी 9 लोगों की जान
यमुना एक्सप्रेसवे पर 24 सितंबर को हुए एक अन्य हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई थी। चलती स्लीपर बस में आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। कई लोगों ने बस से कूदकर जान बचाई थी। इस मामले में पुलिस ने बस के चालक और कंडक्टर को हिरासत में लिया था। इसके अलावा, 26 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस में भी आग लग गई थी। उस समय बस खाली थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग से वाहन पूरी तरह जल गया था। लगातार सामने आ रही बसों में आग की घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है।












