नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की बातचीत जारी है, लेकिन भारतीय उत्पादों पर अमेरिकी टैरिफ बढ़ने की आशंका सामने आई है। वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, अमेरिकी सरकार भारत, चीन समेत देशों पर इसी सप्ताह शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। उसका आरोप है कि इन देशों की सरकारी मदद से जरूरत से ज्यादा उत्पादन हो रहा है, जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंच रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर 16 अर्थव्यवस्थाओं की जांच के नतीजे घोषित कर सकते हैं। भारत भी इसमें शामिल है। जांच 11 मार्च को शुरू हुई। इसके लिए 1974 के ट्रेड एक्ट की धारा 301 का इस्तेमाल किया गया है, जो अनुचित व्यापार गतिविधियों के आधार पर टैरिफ लगाने की अनुमति देती है। ग्रीयर के मुताबिक, सरकारी सब्सिडी से कंपनियां जरूरत से ज्यादा उत्पादन कर कम कीमत पर वैश्विक बाजार में सामान बेच रही हैं। इससे निर्माताओं को नुकसान हो रहा है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, भारत और वियतनाम पर यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया के मुकाबले ज्यादा टैरिफ लग सकता है। इन तीनों पर शुल्क 15 प्रतिशत या उससे कम रहने की संभावना है। भारत की प्रस्तावित दर नहीं बताई गई। चीन को भी कई अन्य देशों से अधिक शुल्क का सामना करना पड़ सकता है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत
दोनों देश अंतरिम व्यापार समझौते पर चर्चा कर रहे हैं। फरवरी में तैयार ढांचा अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा पिछले साल लगाए गए इमरजेंसी टैरिफ रद्द किए जाने के बाद फिर बातचीत के लिए खुल गया। भारत चाहता है कि उसके उत्पादों पर अमेरिका में बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धियों से कम शुल्क लगे। अमेरिका ने भारत को बेहतर टैरिफ का भरोसा दिया था, लेकिन लाभ अंतिम शुल्क व्यवस्था पर निर्भर करेगा। एएनआई के मुताबिक, एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि बातचीत जारी है और भारत वित्त वर्ष के अंत तक समझौते का पहला चरण पूरा करना चाहता है।
सेवाओं से जुड़े मुद्दे बाद में होंगे शामिल
अधिकारी के अनुसार, शुरुआती समझौते में सेवा क्षेत्र के मुद्दे शामिल नहीं होंगे। इन पर दूसरे चरण में चर्चा होगी और बाद में इन्हें व्यापार समझौते का हिस्सा बनाया जाएगा। समझौते में कानूनी दस्तावेज, परिशिष्ट और सीमा शुल्क व व्यापार सुविधा पर अध्याय हो सकता है। भारत 2025 से बातचीत कर रहा है। उसका जोर घरेलू हितों की रक्षा और अमेरिकी बाजार में बेहतर अवसर पाने पर है।












