फ्रांस में क्यों मचा है हाहाकार? ट्रंप ने अमेरिका का नाम लेकर बताई चौंकाने वाली वजह, मची हलचल

0
8

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस में चल रहे हिंसक प्रदर्शनों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फ्रांस इसलिए जल रहा है क्योंकि उसने अपनी सीमाएं उन लोगों के लिए खोल दी हैं जो उससे नफरत करते हैं। ट्रंप ने यह बात जॉर्जिया के पेरी में रिपब्लिकन उम्मीदवारों की एक चुनावी रैली के दौरान कही।

शिक्षा नहीं, इमिग्रेशन है वजह

ट्रंप ने फ्रांस सरकार के उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि प्रदर्शन शिक्षा के मुद्दे पर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस में पुलिस तो है, लेकिन उसे काम नहीं करने दिया जा रहा। उनके मुताबिक सड़कों पर उतरे लोग फ्रांस और वहां की सभ्यता से नफरत करते हैं। ट्रंप ने इस मुद्दे को अमेरिका की इमिग्रेशन पॉलिसी से जोड़ते हुए डेमोक्रेट सीनेटर जॉन ओसॉफ पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, “हम फ्रांस जैसे नहीं हैं। हम नफरत फैलाने वालों को देश में नहीं आने देंगे, लेकिन ओसॉफ जैसे नेता लाखों अमेरिका विरोधी और तीसरी दुनिया के प्रवासियों को देश में लाना चाहते हैं, जो सिर्फ हमारी सभ्यता को लूटने और तबाह करने के इरादे से आते हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे।”

अमेरिका में सख्त हुए वीजा नियम

ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद से अमेरिका में इमिग्रेशन नियम बेहद सख्त हो गए हैं। प्रशासन अब तक 3 लाख से ज्यादा वीजा रद्द कर चुका है, जिसकी पुष्टि स्टेट डिपार्टमेंट ने भी की है। पिछले महीने सरकार ने भारत की टीसीएस और इंफोसिस समेत 8 कंपनियों की कुछ ग्रीन कार्ड फाइलिंग रोक दी थीं। साथ ही 9 बड़ी यूनिवर्सिटीज में वीजा धोखाधड़ी और अमेरिकी नौकरियां प्रभावित होने के आरोपों पर जांच भी शुरू की गई है।

फ्रांस में क्या हो रहा है?

शनिवार को फ्रांस की राजधानी पेरिस में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। पुलिस को आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा, जबकि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर प्रक्षेपास्त्र फेंके। फ्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, देशभर में करीब 4 लाख 10 हजार लोग सड़कों पर उतरे। सबसे बड़ा प्रदर्शन पेरिस में हुआ, जहां दक्षिण-पूर्वी इलाके में निकले मार्च में 1 लाख 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण शुरू हुआ था, लेकिन बाद में हिंसा में बदल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here