मकोका का शिकंजा: संगठित अपराध सिंडिकेट के करीबी पर पुलिस का शिकंजा

0
13

नई दिल्ली: अपराध की दुनिया में लंबे समय तक कानून से आंख-मिचौली खेलने वाले बदमाशों पर दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई में आउटर नॉर्थ जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नरेला थाना पुलिस ने मकोका के एक मामले में वर्षों से फरार चल रहे शातिर अपराधी प्रदीप उर्फ अनिल उर्फ सलाउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कुख्यात संगठित अपराध सिंडिकेट के कथित सरगना मुकेश उर्फ पुनीत का बेहद करीबी और लंबे समय से सहयोगी बताया जा रहा है।

बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट और अवैध हथियारों सहित कुल 13 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इनमें हत्या का एक, हत्या के प्रयास का एक, आर्म्स एक्ट का एक, लूट के आठ, झपटमारी का एक और चोरी का एक मामला शामिल है। आरोपी की गिरफ्तारी 17 नवंबर को की गई। इस कार्रवाई के साथ ही नरेला थाने में दर्ज मकोका के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।

खुफिया सूचना से बिछाया गिरफ्तारी का जाल

आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। ऐसे में पुलिस टीम ने खुफिया जानकारी जुटाने, तकनीकी निगरानी और लगातार मैदानी जांच के जरिए उसकी तलाश तेज की। आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया। 18 नवंबर को राउज एवेन्यू स्थित मकोका अदालत में पेश करने पर पांच दिन की पुलिस हिरासत रिमांड मिली।

करोड़ों की संपत्ति और कारोबार जांच के घेरे में

जांच में दिल्ली के गांव बांकनेर में 200 से 250 वर्ग गज का मकान, गोगा में करीब तीन बीघा कृषि भूमि और गाजियाबाद के लोनी में एक मकान की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा दो रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी मिली है। संपत्तियों और वाहनों के स्वामित्व तथा आय के स्रोतों की जांच की जा रही है। पुलिस को लोनी में आरोपी से जुड़े कपड़ा निर्माण कारोबार की जानकारी भी मिली है। यहां पायजामे, शर्ट और अन्य कपड़े तैयार कर गांधी नगर में अलग-अलग ब्रांड के लेबल लगाकर बेचने की बात सामने आई है। कारोबार के निवेश, लेन-देन और संगठित अपराध से संभावित संबंधों की पड़ताल जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई एसीपी राकेश कुमार के नेतृत्व और करीबी निगरानी में हुई। टीम में एसआई मोहित पहल, एसआई मोनिल, हेड कांस्टेबल नवीन तथा थाना नरेला के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना के अनुसार, सिंडिकेट की आर्थिक गतिविधियों और अपराध से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

 

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here