मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर में गांजे की सप्लाई करने के वाले दो शातिर तस्करों को शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से 5 किलो 550 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। आरोपी मेरठ से गांजा खरीदकर मुज़फ़्फ़रनगर में सप्लाई करते थे। इनके संपर्क में रहने वाले युवाओं तक भी नशा पहुंचाया जाता था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर रविवार अपराह्न करीब 3 बजे जेल भेज दिए हैं।
काली नदी पुल के पास चेकिंग में दो तस्कर गिरफ्तार
कोतवाली नगर पुलिस ने एक सटीक सूचना के आधार पर 31 अक्टूबर की देर रात करीब 12 चरथावल-न्याजूपुरा मार्ग पर काली नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान दोनों पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल मन्नान पुत्र सरफराज निवासी खादरवाला, थाना खालापार और जावेद उर्फ अल्लू पुत्र इकराम निवासी कस्सावान, थाना खालापार के रूप में हुई है। अब्दुल मन्नान की उम्र 29 वर्ष और जावेद उर्फ अल्लू की उम्र 25 वर्ष बताई गई है।
दोनों आरोपियों से कुल 5.55 किलो गांजा बरामद
आबकारी चौकी प्रभारी शशि कपूर के अनुसार, अब्दुल मन्नान के पास से 2 किलो 50 ग्राम और जावेद उर्फ अल्लू के पास से 3 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि जावेद उर्फ अल्लू के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें जानसठ थाने में वर्ष 2016 के दो मामले और कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2017 तथा 2023 के आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
मेरठ से गांजा लाकर मुजफ्फरनगर में करते थे सप्लाई
पुलिस का दावा है कि दोनों तस्कर मेरठ से गांजा खरीदकर मुज़फ़्फ़रनगर में इसकी सप्लाई करते थे। युवाओं को नशे की लत लगाने और उन्हें गांजा उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। हालांकि, सप्लाई नेटवर्क, गांजे की खरीद और युवाओं तक इसकी पहुंच के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
उपनिरीक्षक देवपाल सिंह को सौंपी गई मामले की जांच
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक देवपाल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Reported By: ROHIT












