नई दिल्ली: राजधानी में सस्ते ब्याज पर लाखों रुपये का लोन दिलाने का सपना दिखाकर लोगों की जेब काटने वाले साइबर ठगों का पर्दाफाश हुआ है। रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने एक संगठित अवैध लोन फ्रॉड कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए टीम लीडर और मैनेजर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नामी वित्तीय कंपनी बजाज कैपिटल फाइनेंस का प्रतिनिधि बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस ने मौके से लैंडलाइन फोन, फिक्स्ड वायरलेस टर्मिनल, वाई-फाई राउटर, मोबाइल फोन और ठगी के लिए तैयार की गई कॉलिंग स्क्रिप्ट वाली नोटबुक बरामद की हैं।
20 लाख का सपना, 10.15 लाख की चपत
रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि विजय विहार फेज-दो निवासी विकास को आरोपियों ने 20 लाख रुपये का लोन कम या शून्य ब्याज दर पर दिलाने का लालच दिया था। खुद को बजाज कैपिटल फाइनेंस का प्रतिनिधि बताकर आरोपियों ने उससे बीमा और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर अलग-अलग भुगतान करवाए। इस तरह पीड़ित से 10.15 लाख रुपये ठग लिए गए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। शिकायत के आधार पर विजय विहार थाने में 17 नवंबर 2026 को मुकदमा संख्या 614/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी जाल से पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर लाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त रोहिणी बृज मोहन मीणा की निगरानी में उपनिरीक्षक अमित जगलान, हेड कांस्टेबल सुदेश, सुमित और पंकज को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), भौगोलिक लोकेशन, कॉल के समय का पैटर्न, आईएमईआई और मोबाइल उपकरणों की मैपिंग तथा पीड़ितों के बीच संपर्कों का बारीकी से विश्लेषण किया। ओपन सोर्स इंटेलिजेंस के साथ पैकेट कैप्चर और आईपी लॉगर जैसी तकनीकों की मदद से आरोपियों के डिजिटल सुराग खंगाले गए।
मेट्रो स्टेशन के पास चल रहा था खेल
सटीक तकनीकी इनपुट मिलने के बाद पुलिस टीम ने 17 नवंबर को दिल्ली के रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक इमारत में योजनाबद्ध छापेमारी की। यहां एक संगठित अवैध कॉल सेंटर संचालित होता मिला। जांच में सामने आया कि कॉल सेंटर में फ्लोर मैनेजर और टीम लीडर की अलग-अलग भूमिका थी जबकि टेली कॉलर पहले से तैयार स्क्रिप्ट पढ़कर लोगों को आकर्षक ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा देते थे। मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
छह चेहरे बेनकाब
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा (32) निवासी शाहदरा टीम लीडर, जतिन (24) निवासी रघुवीर नगर, मैनेजर, नीरज (39)निवासी उत्तम नगर, आकाश (28) निवासी द्वारका, सनी (34) निवासी विकास नगर और दया प्रसाद (34) निवासी वजीरपुर के रूप में हुई है। अंतिम चार आरोपी कॉल सेंटर में टेली कॉलर के रूप में काम करते थे।
ठगी का पूरा नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियां खंगाल रही है। साथ ही अन्य पीड़ितों की पहचान और गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जी कॉल सेंटर के जरिए अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया गया।
Reported By: Pankaj Rai











