नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार को निर्माण कार्य के दौरान एक इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय भवन में निर्माणाधीन होटल की दूसरी मंजिल पर छत का लेंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा ढह गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जांच में इमारत के सहायक खंभों के गीले होने और भवन के एक तरफ झुकने की बात सामने आई है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार 15 नवंबर को थाना पहाड़गंज में भवन का हिस्सा गिरने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से प्राप्त हुई। हादसा पहाड़गंज के संगतराशन स्थित कशेरूवालान में संपत्ति संख्या 3992-3993 पर हुआ। यह इमारत राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने स्थित है। सूचना मिलते ही थाना पहाड़गंज की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
लेंटर डालते समय अचानक ढहा इमारत का हिस्सा
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि संबंधित भवन में होटल बनाने का काम चल रहा था। हादसे के वक्त दूसरी मंजिल की छत का लेंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। निर्माण कार्य में जुटे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और आठ लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। घटनास्थल के शुरुआती निरीक्षण में भवन के सहायक खंभे गीले पाए गए। इसके साथ ही इमारत के झुके होने की बात भी सामने आई। इन परिस्थितियों को हादसे की संभावित वजहों के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इमारत का हिस्सा गिरने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
आठ घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे में घायल लोगों की पहचान शेख सद्दाम (37) शेख राजा (20) मोहम्मद सुहैल (50), संजुद खान (40) गौतम यादव (28) वरुण यादव (36) राजा (36) और मंत्सु (40) के रूप में हुई है। सभी घायलों को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कुछ घायलों को फ्रैक्चर आया है, जबकि कुछ को मामूली चोटें लगी हैं। सभी का चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार किया जा रहा है।
मकान मालिक और ठेकेदार पुलिस की पकड़ में
हादसे के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 16 नवंबर को दी गई ताजा जानकारी के अनुसार थाना पहाड़गंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 290/125(क)/223(क)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने संपत्ति के मालिक रमन और ठेकेदार अनवर को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। दोनों को पाबंद किया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। भवन की संरचनात्मक स्थिति, निर्माण की प्रक्रिया और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
लापरवाही की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पहाड़गंज जैसे घनी आबादी वाले इलाके में निर्माणाधीन भवन का हिस्सा गिरना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। आखिर दूसरी मंजिल पर लेंटर डालते समय भवन की मजबूती का पर्याप्त आकलन किया गया था या नहीं? खंभों के गीले होने और इमारत के झुकने के बावजूद निर्माण कार्य कैसे जारी था? जांच में इन पहलुओं को भी शामिल किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reported By: Pankaj Rai












