डिजिटल गिरफ्त में 2.02 करोड़ की सेंध, IFSO ने लखनऊ में बिछाया शिकंजा

0
17

नई दिल्ली: न कोई हथियार, न कोई आमने-सामने की मुलाकात और न ही घर में घुसने की जरूरत। महज एक फोन कॉल से शुरू हुआ खौफ का ऐसा डिजिटल खेल, जिसमें साइबर अपराधियों ने रक्षा मंत्रालय के 66 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी की जीवनभर की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। फर्जी बैंक खाते,संदिग्ध लेनदेन, जांच एजेंसियों का डर और गिरफ्तारी की धमकी. इसी मनोवैज्ञानिक जाल में फंसाकर आरोपियों ने लगभग 2 करोड़ 2 लाख रुपये ठग लिए। हालांकि, दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ इकाई ने इस साइबर नेटवर्क की परतें खोलते हुए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दबिश देकर तीन कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

फोन पर खड़ी की फर्जी जांच की अदालत

आईएफएसओ डीसीपी-I गौरव त्यागी ने बताया कि पीड़ित को फोन कर बताया गया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जम्मू-कश्मीर में बैंक खाता खोला गया है, जिसमें 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इसके बाद ठगों ने खुद को जांच एजेंसियों से जुड़ा बताकर उन्हें गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाया। लगातार फोन कॉल और मानसिक दबाव के जरिए पीड़ित को अपने नियंत्रण में रखा गया। आरोपियों के निर्देश पर उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में रकम स्थानांतरित कर दी। इस तरह ठगों ने करीब 2.02 करोड़ रुपये की चपत लगा दी।

बैंक खातों से खुला ठगी का राज

मामले की जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई लाभार्थी खातों में भेजी गई थी। कोई बैंक खाते उपलब्ध करा रहा था कोई उनका संचालन कर रहा था तो कोई रकम आगे पहुंचाने और कमीशन बांटने में लगा था। बैंक लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस टीम लखनऊ तक पहुंची और तीन आरोपियों को दबोच लिया।

तीन गिरफ्तार, कई राज बेनकाब

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान खान (37), राम किशोर (28) और रुपेंद्र प्रताप सिंह (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इमरान एक कंपनी का निदेशक है, जिसके खाते में ठगी के 17 लाख रुपये पहुंचे। राम किशोर कथित तौर पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाला बिचौलिया था, जबकि रुपेंद्र खातों के संचालन, रकम स्थानांतरित करने और कमीशन बांटने में शामिल था। जांच में कमीशन का भुगतान क्रिप्टोकरेंसी यूएसडीटी के जरिए किए जाने की बात भी सामने आई है।

चार मोबाइल, आठ कार्ड बरामद

लखनऊ में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन, आठ डेबिट कार्ड और एक चेकबुक बरामद की है। इनसे गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक खातों से जुड़े सुराग खंगाले जा रहे हैं।

अतुल यादव की टीम ने बिछाया जाल

पूरी कार्रवाई एसआई अतुल यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में एसआई रमेश चंद और हेड कांस्टेबल त्रिलोक चंद शामिल रहे। अभियान एसीपी प्रेम चंद्र खंडूरी की निगरानी तथा डीसीपी-I आईएफएसओ गौरव त्यागी के निर्देशन में चलाया गया। इस संबंध में 15 जनवरी 2026 को थाना स्पेशल सेल, दिल्ली में ई-एफआईआर संख्या 73/2026 दर्ज की गई थी। भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308/318(4)/319/340 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अब बाकी नेटवर्क की बारी

दिल्ली पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और ठगी की रकम के पूरे रास्ते का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस रकम का अंतिम लाभ किसे मिला। डिजिटल गिरफ्तारी के नाम पर बुने गए इस खौफनाक जाल के बाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि जांच के नाम पर फोन पर डराकर पैसे मंगाने वालों से सतर्क रहें।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here