मुजफ्फरनगर: आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार राय द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं चुनाव सेल के अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, समस्त थाना प्रभारी, प्रभारी चुनाव सैल सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।
वल्नरेबिलिटी मैपिंग की विस्तृत समीक्षा
गोष्ठी के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप वल्नरेबिलिटी मैपिंग (Vulnerability Mapping) के सम्बन्ध में विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अन्तर्गत ऐसे गांवों, मोहल्लों एवं मतदाता समूहों को चिन्हित करने पर जोर दिया गया, जिन्हें किसी व्यक्ति अथवा समूह द्वारा डराने, धमकाने, दबाव बनाने या अनुचित प्रभाव डालकर स्वतंत्र रूप से मतदान करने से रोकने की आशंका हो। थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि पूर्व निर्वाचन के दौरान घटित घटनाओं, आपसी रंजिश, विवादों एवं स्थानीय परिस्थितियों का विश्लेषण करते हुए संवेदनशील एवं वल्नरेबल क्षेत्रों की पहचान करें तथा सम्बन्धित सूचनाओं का नियमित सत्यापन एवं अद्यतन करें।
असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही
इसके अतिरिक्त निर्वाचन को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों एवं पूर्व में चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु नियमित भ्रमण, प्रभावी गश्त एवं स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया।
संवेदनशील मतदान केन्द्रों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा
महोदय द्वारा जनपद के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की स्थिति की समीक्षा करने, मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं
का आकलन करने तथा आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाइसेंसी शस्त्रों के सत्यापन एवं नियमानुसार जमा कराने की कार्यवाही, गैर-जमानती वारंटों की तामील तथा अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अवैध शस्त्रों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
भयमुक्त वातावरण बनाने के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन के साथ संवाद स्थापित कर भयमुक्त वातावरण बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही निर्वाचन से सम्बन्धित सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान करने एवं चुनाव सेल के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान
अन्त में दोनों अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
Reported by: Rohit











