मथुरा में आयकर विभाग का शिकंजा, गुरुकृपा होटल समेत कई ठिकानों पर एक साथ सर्वे

0
13

मथुरा: जिले में शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से व्यापारिक जगत में खलबली मच गई। गाजियाबाद से पहुंची आयकर विभाग की टीमों ने शहर में एक साथ कई स्थानों पर सर्वे शुरू किया। धौलीप्याऊ स्थित शंकर सेठ के गुरुकृपा होटल समेत उनसे जुड़े कई अन्य ठिकानों पर टीमों ने दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच की। सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई से शहर के कारोबारियों में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीमें शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे ही मथुरा पहुंच गई थीं। कार्रवाई के लिए करीब चार दर्जन गाड़ियों का काफिला शहर में दाखिल हुआ। इसके बाद अलग-अलग टीमों ने एक साथ विभिन्न स्थानों पर मोर्चा संभालते हुए सर्वे की कार्रवाई शुरू कर दी। गुरुकृपा होटल सहित शंकर सेठ से जुड़े ठिकानों पर पहुंची टीमों ने कारोबारी गतिविधियों, आय-व्यय और वित्तीय लेनदेन से संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की। बताया जा रहा है कि शंकर सेठ से जुड़े कुछ अन्य लोगों के यहां भी आयकर विभाग की टीमों ने जांच की।

वहीं, सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा रही कि डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े कुछ लोगों के ठिकाने भी आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं। हालांकि, इस संबंध में विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कार्रवाई का दायरा कितना बड़ा है और जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

आयकर विभाग की टीमों की एक साथ कई स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों में हलचल बनी रही। देर तक सर्वे की कार्रवाई जारी रहने की संभावना जताई गई। विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here