मथुरा: रुपयों के विवाद में खूनी संघर्ष, मारपीट में एक की मौत

0
12

मथुरा: छाता क्षेत्र के गांव तरौली जनूबी में मंगलवार शाम उधार दिए गए नौ हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय सुल्तान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

छह महीने पहले दिए थे नौ हजार रुपये उधार

जानकारी के अनुसार, सुल्तान ने करीब छह महीने पहले गांव के ही विक्रम को नौ हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से असहमति चल रही थी। मंगलवार शाम करीब सात बजे इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। इस दौरान सुल्तान को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतक के भाई ने लगाए हत्या के आरोप

मृतक के भाई शेरा ने गांव के ही सुनील, राहुल, राजा, विक्की और विष्णु पर सुल्तान की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। छाता थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

Reported by: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here