मथुरा: त्योहारों के मद्देनजर छाता पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा स्वयं पुलिस टीम के साथ सड़क पर उतरे और वाहनों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को रोककर उनकी गहनता से जांच की। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई। सीओ भूषण वर्मा ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की निगरानी
त्योहारों के दौरान शराब का सेवन कर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्व भी पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस ऐसे लोगों पर निगरानी रख रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
शांतिपूर्ण त्योहारों के लिए सख्त कार्रवाई का ऐलान
पुलिस का कहना है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reported By: Prem Kaushik












