रतिया: दीपावली के मद्देनजर रतिया शहर में ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी स्टॉल आवंटित करने की प्रक्रिया बुधवार को एसडीएम सुरेन्द्र सिंह की मौजूदगी में पूरी की गई। अधिकारियों की कमेटी ने ड्रॉ के माध्यम से आवेदकों को स्टॉल आवंटित किए।
सहनाल रोड पार्किंग में लगेंगे अस्थायी स्टॉल
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि रतिया शहर में ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए सहनाल रोड पर खाली स्थान स्थित पार्किंग में स्टॉल लगाने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन द्वारा दीपावली के मद्देनजर निर्धारित स्थान पर अस्थायी स्टॉल आवंटित किए गए हैं, ताकि पटाखों की बिक्री व्यवस्थित एवं निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित की जा सके।
केवल ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अपील
इस अवसर पर एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे दीपावली पर केवल ग्रीन पटाखों का ही प्रयोग करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चे कम से कम पटाखे जलाएं तथा त्योहार को सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाएं।
बिना लाइसेंस बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
उन्होंने स्टॉल आवंटित करवाने वाले सभी लोगों को निर्देश दिए कि वे केवल ग्रीन पटाखों की ही बिक्री करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस के कोई भी व्यक्ति आतिशबाजी का भंडारण या बिक्री नहीं कर सकता। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।












