गाजियाबाद: नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए साहिबाबाद में आयोजित रोजगार मेला उम्मीदों की नई किरण बनकर उभरा। वसुंधरा स्थित सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल में रविवार को आयोजित इस भव्य रोजगार मेले में करीब पांच हजार युवाओं ने हिस्सा लिया। कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 40 कंपनियों ने सहभागिता कर युवाओं को रोजगार पाने का अवसर उपलब्ध कराया।
बड़ी कंपनियां, बड़े अवसर
रोजगार मेले में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, फॉक्सकॉन, फोर्स मोटर्स, किया, टीवीएस, अडाणी सोलर और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे। युवाओं को सीधे कंपनियों के अधिकारियों से बातचीत करने और साक्षात्कार के माध्यम से अपनी योग्यता साबित करने का मौका मिला। ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, विनिर्माण, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
10 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का संकल्प
एक एम वन बी फाउंडेशन और माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से आयोजित इस मेले में गाजियाबाद, साहिबाबाद, गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों से युवा पहुंचे। आयोजकों का लक्ष्य रोजगार मेलों के माध्यम से 10 हजार युवाओं को नौकरी के अवसरों से जोड़ना है।
आत्मनिर्भर युवा, सशक्त भारत
सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा के साथ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। रोजगार मेले युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कौशल विकास और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी और भविष्य में भी रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।
Reported By: Pankaj Rai












