नई दिल्ली: करोड़ों की ठगी कर कानून की आंखों में धूल झोंकने वाले शातिर जालसाज के फरारी के साम्राज्य पर दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आखिरकार शिकंजा कस दिया। दिल्ली के कारोबारी से 11 करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में एक साल से अधिक समय से फरार चल रहे गुजरात निवासी मुकेश एल. बेलानी को महाराष्ट्र के खोपोली से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर दिल्ली पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। अदालत उसे पहले ही भगोड़ा अपराधी घोषित कर चुकी थी।
जमीन के सौदे में बुना ठगी का जाल
मामला उत्तराखंड के रुड़की स्थित गांव खताखेड़ी में 20 बीघा जमीन की खरीद और दोबारा बिक्री से जुड़ा है। शिकायतकर्ता कारोबारी ऋषि पाल बंसल के अनुसार, मई 2024 में आरोपियों ने उन्हें जमीन के सौदे में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाया। 11.10 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ। आरोप है कि आरोपियों ने नकद और बैंकिंग माध्यमों से रकम हासिल की तथा जमीन के बिक्री समझौते भी कराए। बाद में जमीन विवादित होने और दिखाई गई जमीन तथा वास्तविक जमीन में अंतर सामने आया। वादा किया गया पुनर्विक्रय भी नहीं हुआ और रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने कथित तौर पर हाथ खड़े कर दिए।
अदालत के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर
रोहिणी अदालत के निर्देश पर थाना सुभाष प्लेस में 27 मई 2025 को एफआईआर संख्या 339/2025, धारा 420/406/120-बी/34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया। लगातार फरार रहने पर 23 मई 2026 को मुकेश को भगोड़ा घोषित किया गया और 16 जून 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ।
गुजरात से खोपोली तक बिछाया जाल
क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने एक महीने से अधिक समय तक तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी का पीछा किया। वडोदरा स्थित ठिकाने पर तलाश के बाद पुलिस को पता चला कि वह मुंबई और फिर मुंबई-पुणे राजमार्ग के खोपोली में छिपा है। वह परिवार को वडोदरा में छोड़कर अकेले आलीशान जीवन बिता रहा था और दूसरे व्यक्ति की सिम इस्तेमाल कर पुलिस को चकमा दे रहा था। गिरफ्तारी के बाद अदालत से तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई।
चार राज्यों में फैला आपराधिक नेटवर्क
जांच में गुजरात, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में दर्ज चार अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता सामने आई है। इनमें ठगी के साथ जाली भारतीय मुद्रा की बरामदगी का मामला भी शामिल है, जिसमें सात लाख रुपये के जाली नोट बरामद हुए थे। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर जमीन खरीदकर अपने ही संपर्कों में ऊंचे दाम पर बेचने का लालच देकर कारोबारियों से रकम ऐंठने और फिर फरार होने का तरीका बताया।
इनकी रही अहम भूमिका: इंस्पेक्टर दीपक दहिया के नेतृत्व में एसआई जतिन सिंह, एएसआई श्यान सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप, सुनील, रविंदर और महिला कांस्टेबल नीशू की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीपी विवेकानंद पाठक के पर्यवेक्षण तथा डीसीपी संजीव कुमार यादव के समग्र मार्गदर्शन में यह सफलता मिली। आरोपी को दिल्ली लाने की कानूनी प्रक्रिया जारी है।












