नई दिल्ली: मंगलवार की सुबह बिहार और झारखंड के लोगों ने अचानक धरती में कंपन महसूस किया। कुछ सेकंड तक आए हल्के झटकों से कई इलाकों में लोग घबरा गए और एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। बाद में पता चला कि भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश नेपाल में था। नेपाल में आए इस भूकंप का असर सीमा से सटे भारतीय राज्यों में भी महसूस किया गया।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, नेपाल में मंगलवार सुबह 7 बजकर 2 मिनट 47 सेकंड पर 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। भूकंप जमीन से करीब 20 किलोमीटर की गहराई में आया था। इसके झटके नेपाल की सीमा से लगे बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों तक पहुंचे।
बिहार के कई जिलों में महसूस हुए झटके
बिहार में मंगलवार सुबह करीब 7:02 बजे लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। मुंगेर और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों से भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी सामने आई। कंपन कुछ सेकंड तक रहा। हालांकि, झटकों की तीव्रता कम होने के कारण कई लोगों को शुरुआत में इसका पता भी नहीं चला। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक जमीन हिलने से वे सतर्क हो गए। कुछ लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद इलाके में कुछ समय तक हलचल बनी रही।
झारखंड के देवघर में भी हिली धरती
बिहार के अलावा झारखंड के देवघर में भी भूकंप का असर महसूस किए जाने की सूचना मिली। यहां भी लोगों ने कुछ सेकंड तक कंपन महसूस किया। हालांकि, अब तक किसी भी इलाके से जान-माल के नुकसान या मकानों और दूसरी संपत्तियों को क्षति पहुंचने की खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।











