24 लाख की साइबर ठगी का पर्दाफाश, पंजाब से तीन आरोपी गिरफ्तार; ठगी की रकम क्रिप्टोकरेंसी के जरिए खपाने का खुलासा

0
3

नई दिल्ली: साइबर ठगों ने व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए निवेश पर मोटे मुनाफे का ऐसा जाल बिछाया कि एक व्यक्ति के करीब 24 लाख रुपये डूब गए। शुरुआत में स्क्रीन पर हजारों-लाखों के मुनाफे का लालच दिखाया गया और जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालनी चाही तो नए-नए बहाने बनाकर और पैसे जमा कराने का दबाव बनाया गया। लेकिन साइबर पुलिस की जांच ने इस ठगी के पीछे सक्रिय नेटवर्क की परतें खोल दीं। उत्तर-पूर्वी जिला साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के तीन आरोपियों बगीचा, धर्मिंदर सिंह बराड़ और परबोध कुमार को गिरफ्तार किया है।

मुनाफे के नाम पर बुना ठगी का जाल

नॉर्थ ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि करावल नगर निवासी विक्रम सिंह ने शिकायत दी थी कि उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से एक ऑनलाइन निवेश योजना से जोड़ा गया। इसमें आकर्षक रिटर्न का भरोसा देकर रकम निवेश कराई गई। शुरुआत में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अच्छा मुनाफा दिखाकर उनका विश्वास जीता गया। लेकिन रकम निकालने की कोशिश करते ही अलग-अलग बहानों से अतिरिक्त पैसे मांगे जाने लगे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। इस संबंध में 15 सितंबर 2026 को ई-एफआईआर संख्या 00233/2026 दर्ज की गई।

विदेश से ऑपरेशन, पंजाब में पैसों का खेल

जांच में तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि व्हाट्सऐप के जरिए पीड़ित को निवेश के लिए उकसाने वाले लोग विदेश से नेटवर्क चला रहे थे। बैंक खातों की पड़ताल में ठगी की रकम का 3,01,164.82 रुपये अमृतसर स्थित एक वूलन मिल्स के नाम से संचालित खाते में पहुंचना सामने आया। पूछताछ में खाताधारक परबोध कुमार ने पहले खाते से जुड़े दस्तावेज गुम होने की बात कही और लेनदेन की जानकारी से अनभिज्ञता जताई।

गुरुग्राम से गिरफ्तारी, अबोहर तक पहुंची जांच

तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल गतिविधियों की पड़ताल के बाद पुलिस ने गुरुग्राम के एक होटल से बगीचा को दबोचा। उसके मोबाइल से नेटवर्क के सदस्यों और संदिग्ध बातचीत से जुड़े अहम सुराग मिले। आगे की जांच में 18 नवंबर को अबोहर, पंजाब में छापेमारी कर धर्मिंदर सिंह बराड़ को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर गुरुग्राम के होटल से बैंक खाते की गतिविधियों से जुड़ा रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया गया। उसके पास से एक अन्य मोबाइल भी मिला, जिसमें कथित साथियों से बातचीत के चैट मौजूद थे।

कमीशन के बदले खाते, क्रिप्टो से रकम का खेल

जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और आगे स्थानांतरित करने के लिए बैंक खातों की व्यवस्था कराते थे। इसके बदले कमीशन लेते थे और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भी लेनदेन किया जाता था। 23 नवंबर को खाताधारक परबोध कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

तीन गिरफ्तार, चार मोबाइल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बगीचा (26), निवासी फाजिल्का, धर्मिंदर सिंह बराड़ (37), निवासी मोगा और परबोध कुमार (59), निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। तीनों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, संबंधित लाभार्थी बैंक खाते के खिलाफ देशभर से 18 शिकायतें भी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मामले में आगे की जांच जारी है। उत्तर-पूर्वी जिला साइबर पुलिस की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक लेनदेन की जांच और लगातार छापेमारी के जरिए इस कथित साइबर निवेश ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here