चोरी की बाइक से अपराधों का खेल, दिल्ली पुलिस ने दो शातिर वाहन चोर दबोचे; छह चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

0
3

नई दिल्ली: राजधानी में वाहन चोरों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कथित शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। उत्तर जिला की एएटीएस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोचकर चोरी के छह दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें चार स्कूटी और दो मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के छह मामलों का खुलासा हुआ है।

चोरी की बाइक से शुरू हुई जांच

उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि मामले की शुरुआत छह नवंबर 2026 को हुई जब नांगेश्वर प्रसाद की हीरो पैशन मोटरसाइकिल किशनगंज के बाग करे खां की गली नंबर-4 से चोरी हो गई। शिकायत पर सराय रोहिल्ला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(बी) के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर जिला की एएटीएस टीम को जांच सौंपी गई।

सीसीटीवी ने खोला आरोपियों का रास्ता

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में दो संदिग्ध मोटरसाइकिल ले जाते दिखाई दिए। कैमरों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस गुलाबी बाग इलाके तक पहुंची। इसके बाद मुखबिरों को सक्रिय किया गया और तकनीकी निगरानी के साथ स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने अंकुर उर्फ मेंटल (33) और अजय उर्फ मानव (26), दोनों निवासी गली नंबर-8, गुलाबी बाग, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल मिली। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर किशनगंज रेलवे स्टेशन के पास एक सुनसान स्थान से पांच अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए गए।

नशे की लत के लिए अपराध का रास्ता

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दोपहिया वाहन चोरी करने के बाद उनका इस्तेमाल लूटपाट, झपटमारी और अन्य वारदातों में करते थे। पेट्रोल खत्म होने पर वाहनों को सुनसान स्थान पर छोड़ देते थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। पुलिस का दावा है कि आपराधिक गतिविधियों से मिलने वाले लाभ का इस्तेमाल वे नशे की लत पूरी करने में करते थे।

दोनों पर पहले से 13-13 मामले

पुलिस के मुताबिक अंकुर और अजय दोनों नशे और शराब के आदी हैं। इनके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, झपटमारी और चोरी सहित अन्य आपराधिक मामलों में पहले से 13-13 मामले दर्ज हैं। अजय के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज रहा है।

इन टीमों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई को एएटीएस प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक हीरा लाल, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक परविंदर, सहायक उपनिरीक्षक सतीश राणा, हेड कांस्टेबल राहुल, हेड कांस्टेबल आलोक, कांस्टेबल सुमित और कांस्टेबल सत्येंद्र शामिल रहे। पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशंस) विशाल धत्तरवाल के पर्यवेक्षण में की गई। उत्तर जिला की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण और पुलिस टीम की सतर्कता से छह वाहन चोरी के मामलों का खुलासा संभव हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here