ई-रिक्शा में दफ्तर जा रही महिला का मोबाइल झपटा, तीन बदमाश दबोचे, चोरी की स्कूटी भी बरामद

0
9

नई दिल्ली: राजधानी के रानी बाग इलाके में ई-रिक्शा से दफ्तर जा रही महिला का मोबाइल फोन झपटने वाले तीन आरोपियों को आउटर जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी बरामद की है। आरोपियों की गिरफ्तारी से झपटमारी और वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा हुआ है।

ई-रिक्शा से जा रही महिला का फोन झपटा

डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 10 नवंबर को एक महिला ने रानी बाग थाने में शिकायत दी थी कि वह ई-रिक्शा से अपने कार्यालय जा रही थी। इसी दौरान यूनियन बैंक एटीएम रोड के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसका मोबाइल फोन झपट लिया और ब्रिटानिया चौक की ओर फरार हो गए। शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी

मामले की जांच के लिए एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल तथा रानी बाग थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपियों विवेक उर्फ मोटा (19), विशाल उर्फ नंदू (23) और करण (19) को गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल और चोरी की स्कूटी बरामद, जांच जारी

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर महिला का मोबाइल और स्कूटी बरामद हुई। जांच में स्कूटी शालीमार बाग थाने में दर्ज चोरी के ई-एफआईआर मामले में भी वांछित मिली। डीसीपी के अनुसार आरोपी विशाल पहले भी छह आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here